यूपी MLC चुनाव के लिए बीजेपी के 5 प्रत्याशी घोषित, सपा-कांग्रेस अलग-अलग लड़ रहीं इलेक्शन
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर होने वाले विधान परिषद (MLC) चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय चुनाव समिति से मंजूरी मिलने के बाद महासचिव अरुण कुमार सिंह ने पांच प्रत्याशियों के नामों की लिस्ट जारी कर दी, जिनमें दो स्नातक और तीन शिक्षक उम्मीदवार हैं।
लखनऊ स्नातक के लिए अवनीश कुमार सिंह और आगरा स्नातक सीट पर डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह को उतारा गया है। इसके अलावा, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक के लिए डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, लखनऊ शिक्षक सीट के लिए उमेश द्विवेदी और मेरठ शिक्षक सीट पर श्रीचंद्र शर्मा पर भरोसा जताया गया है। पांचों उम्मीदवार मौजूदा समय में भी एमएलसी हैं।

सपा और कांग्रेस भी कर चुकी ऐलान
इन प्रत्याशियों को करीब 6 महीने पहले ही टिकट मिलने का संकेत मिल गया था, इसलिए उन्होंने अपने अपने क्षेत्र में चुनाव कार्यालय बनाने और वोटर्स बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी थी। करीब 7 महीने पहले सपा 10 और कांग्रेस 5 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। लोकसभा चुनाव साथ लड़ने वाली कांग्रेस-सपा एमएलसी चुनाव में अलग-अलग लड़ रही हैं।
भाजपा के पास 6 और सपा का 3 सीटों पर कब्जा
विधान परिषद में भाजपा के 79 और सपा के 10 सदस्य हैं। भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस), रालोद, निषाद पार्टी और सुभासपा के 1-1 सदस्य हैं। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से 1, शिक्षक दल (गैर राजनीतिक) से 1, निर्दलीय समूह से 2 और 2 निर्दलीय सदस्य हैं। 1 पद खाली है।
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दिसंबर- 2026 में विधान परिषद की शिक्षक स्नातक क्षेत्र की 11 सीटों पर चुनाव होगा। इनमें से अभी 6 सीटें भाजपा के पास हैं, जबकि 3 सीटों पर सपा का कब्जा है। 1 सीट पर शिक्षक दल (गैर राजनीतिक) और 1 पर निर्दलीय काबिज है।



Post Comment