पश्चिम बंगाल में फालता सीट पर भाजपा के देबांग्शु जीते, TMC के जहांगीर रहे चौथे नंबर पर
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की फालता सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जीत हासिल कर ली है। बीजेपी प्रत्याशी देबांग्शु पांडा ने 01 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 1.49 लाख से ज्यादा वोट मिले। CPM के उम्मीदवार शंभूनाथ कुर्मी 40 हजार वोट के साथ दूसरे नंबर पर रहे। वहीं, चुनाव से पीछे हटने वाले TMC के जहांगीर खान चौथे नंबर पर हैं, जिनको महज 7783 वोट मिले।
यहां 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया था। रीपोलिंग में वोटिंग करीब 2% बढ़ गई। चुनाव आयोग के मुताबिक यहां 88.13% मतदान हुआ। इससे पहले, 29 अप्रैल को इसी सीट पर 86.71% मतदान हुआ था।
TMC और BJP में था मुकाबला
फालता में मुकाबला टीएमसी और भाजपा के बीच था। आधिकारिक तौर पर इस सीट के लिए छह उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने दोबारा मतदान से कुछ दिन पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि, उनकी ओर से ये बात लिखित में दिए जाने की सूचना नहीं है। रीपोलिंग के दौरान EVM में उनका नाम और सिंबल मौजूद था।
फालता में दोबारा वोटिंग क्यों हुई, क्या आरोप लगे थे?
29 अप्रैल को मतदान के बाद फालता क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया था। उस दिन कई बूथों से शिकायतें मिली थीं कि EVM पर भाजपा के सिंबल पर टेप चिपकाया गया। तत्कालीन ऑब्जर्वर सुब्रत गुप्ता ने खुद निर्वाचन क्षेत्र का दौरा किया और जांच-पड़ताल की। कम से कम 60 बूथों में छेड़छाड़ के सबूत मिले।
ईवीएम में कथित हेरफेर के अलावा, जांच में यह भी सामने आया कि कई मतदान केंद्रों पर लगे वेब कैमरों में फुटेज के साथ भी छेड़छाड़ करने की कोशिशें की गई थीं।
फालता में पहली बार जीती भाजपा
फालता विधानसभा सीट पर बीजेपी ने पहली बार जीत हासिल की है। पहले यह CPI(M) का गढ़ मानी जाती थी, लेकिन अब यह तृणमूल कांग्रेस का मजबूत क्षेत्र बन चुकी है। TMC ने पहली बार 2001 में यह सीट जीती थी। 2006 में CPI(M) ने वापसी की, लेकिन 2011 के बाद से TMC लगातार यहां जीत दर्ज कर रही है।
बंगाल में 15 साल बाद ममता का राज खत्म
बंगाल में 15 साल बाद ममता सरकार का राज खत्म हुआ है। भाजपा ने 293 सीटों पर आए नतीजों में 207 सीटें जीतीं। वहीं, टीएमसी को सिर्फ 80 सीटें मिलीं। अब भाजपा फालता में भी जीत चुकी है तो उनकी सीटों की संख्या 208 हो गई है।



Post Comment