ट्विशा का पति समर्थ बोला- प्रेग्नेंसी के बाद बदल गया था बर्ताव, घरेलू जिंदगी नहीं जीना चाहती थी

ट्विशा का पति समर्थ बोला- प्रेग्नेंसी के बाद बदल गया था बर्ताव, घरेलू जिंदगी नहीं जीना चाहती थी

भोपाल: भोपाल में एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में जांच लगातार जारी है। रविवार को ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम परिजन की मौजूदगी में किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। हाईकोर्ट ने वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ री-पोस्टमॉर्टम के निर्देश दिए थे। इसके लिए दिल्ली एम्स की चार सदस्यीय सीनियर डॉक्टरों की टीम शनिवार शाम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल पहुंच गई।

फिलहाल, ट्विशा का शव भोपाल एम्स की मॉर्चुरी में रखा गया है। जांच एजेंसियां मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल के लिए घटना स्थल का दोबारा निरीक्षण भी कर सकती हैं। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया है और सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच में सुनवाई होगी।

पति समर्थ बोला– शादी के बाद दोनों के रिश्ते सामान्य थे

इधर, आरोपी पति समर्थ सिंह फिलहाल भोपाल पुलिस की 7 दिन की रिमांड पर है। दो घंटे पुलिस पूछताछ में समर्थ सिंह ने बताया कि शादी के बाद दोनों के रिश्ते सामान्य थे। 17 अप्रैल, 2026 को ट्विशा की प्रेग्नेंसी की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। अस्पताल से लौटने के बाद ट्विशा ने कहा था कि वह दिल्ली स्थित अपने घर जाना चाहती है। घरेलू जिंदगी नहीं जी सकती। उसी शाम वह फ्लाइट से दिल्ली और फिर नोएडा स्थित घर पहुंच गई।

समर्थ ने बताया कि काफी समझाने के बाद 23 अप्रैल को ट्विशा अपनी मां, भाई के साथ भोपाल लौटी। उसने 24 अप्रैल को बेंगलुरु जाने के टिकट पहले से बुक कर रखे थे। शुरुआत में ट्विशा इसके लिए तैयार थी। बाद में उसने साथ जाने से इनकार कर दिया। कहा कि वह अपने भाई के पास नसीराबाद, अजमेर जाना चाहती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई।

24 अप्रैल को भाई के पास अजमेर गई थी ट्विशा

समर्थ के अनुसार, ट्विशा ने कहा था कि जब आप बेंगलुरु से लौट आओ तो मुझे बता देना। मैं वापस आ जाऊंगी। उसने बताया कि इस मामले की जानकारी मां गिरिबाला सिंह, ट्विशा की मां व भाई को भी दी थी। बातचीत के दौरान समर्थ ने यह भी बताया कि प्रेग्नेंसी के दौरान ट्विशा के स्वभाव में अचानक बदलाव आ रहा था। परिजन ने इसे सामान्य वैवाहिक विवाद मानते हुए समझौते की सलाह दी।

समर्थ ने यह भी कहा कि इसके बाद दोनों के रिश्तों में खटास बनी रही। ट्विशा अक्सर कहती थी कि वह ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़ी है। घरेलू जिंदगी उसके लिए नहीं है। हालांकि, पुलिस का मानना है कि आरोपी खुद को बचाने के लिए भ्रामक जानकारी दे रहा है। पुलिस अब उससे घटना वाले दिन की परिस्थितियों और घटनाक्रम के बारे में विस्तार से पूछताछ कर रही है।

समर्थ ने पीने के लिए मांगा पैक्ड वॉटर, नहीं मिला

पुलिस हिरासत में समर्थ ने पीने के लिए पैक्ड वॉटर मांगा, लेकिन पुलिस ने उसकी मांग पूरी नहीं की। इसके बाद उसे थाने का सामान्य पानी दिया गया। समर्थ ने कटारा हिल्स थाने में रात बिताई, जहां कूलर की कोई व्यवस्था नहीं थी। गर्मी के कारण उसकी रात बेचैनी और करवटें बदलते हुए गुजरी।

बता दें कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स में ट्विशा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया, जबकि मायका पक्ष पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहा है।

Previous post

तेज धूप और हीटवेव से तप रहा देश का आधे से ज्‍यादा हिस्‍सा, राजस्थान-UP समेत सात राज्यों में आंधी-बारिश

Next post

यूपी के 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 54 शहरों में भीषण गर्मी और हीटवेव की चेतावनी  

Post Comment

You May Have Missed