UP News: पशुपालन और डेयरी गतिविधियों से जुड़ेंगी महिलाएं, बनेंगी आत्मनिर्भर एवं सशक्त
-
प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी: कृष्णा पासवान
UP News: प्रदेश सरकार द्वारा पशुधन एवं दुग्ध विकास क्षेत्र में लगातार जनहितकारी कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य पशुपालकों की आय में निरंतर वृद्धि करते हुए प्रदेश को पशुधन एवं दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में बढ़ोत्तरी करना है। विभागीय योजनाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाते हुए उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए, इसी लक्ष्य के साथ कार्य करना है। यह कहना है उत्तर प्रदेश की पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री कृष्णा पासवान का। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विभाग प्रदेश के किसानों, पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है। राज्य सरकार द्वारा निराश्रित गोवंश का प्रभावी रूप से संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है जिससे गौशालाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के महत्वपूर्ण केन्द्र बिंदू के रूप में उभरकर सामने आ रही है।
कृष्णा पासवान ने विशेष रूप से महिलाओं को डेयरी एवं पशुपालन गतिविधियों से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण महिलाओं को डेयरी विकास योजनाओं से जोड़कर उन्हें आय के स्थायी साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तभी परिवार एवं समाज भी सशक्त बनेगा। राज्य मंत्री ने कहा कि पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे और अधिक मजबूत बनाकर लाखों परिवारों की आय में वृद्धि की जा सकती है। प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसी उद्देश्य के साथ उनका प्रयास रहेगा कि विभाग द्वारा आधुनिक तकनीकों, उन्नत नस्लों के संवर्धन, बेहतर पशु चिकित्सा सेवाओं एवं दुग्ध उत्पादन वृद्धि पर और अधिक विशेष ध्यान दिया जाए।



Post Comment