यूपी में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल, अस्पतालों में बने कोल्ड रूम बने; रातें भी होंगी गर्म

यूपी में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल, अस्पतालों में बने कोल्ड रूम बने; रातें भी होंगी गर्म

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में गुरुवार को बांदा लगातार 5वें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.6°C रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार सुबह से पूरे प्रदेश में तेज धूप है। गर्म हवाएं चल रही हैं। गर्मी इतनी है कि सुबह 9.30 बजे ही मेरठ और झांसी में तापमान 38°C पहुंच गया। बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकलीं महिलाओं ने कहा- ऐसी गर्मी कभी नहीं देखी।

देश में बांदा ही सबसे गर्म क्यों?

बांदा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिनेश के मुताबिक देश में बांदा में सबसे ज्यादा तापमान होने के पीछे मुख्य कारण इसका कर्क रेखा के नजदीक होना है। इसके अलावा सीधी धूप, साफ आसमान, मिट्टी में नमी की कमी वाला पठारी इलाका, सूखती नदियां, जंगलों की कटाई और खनन शामिल हैं।

वहीं, आज 50 जिलों में गर्मी और हीटवेव (लू) का अलर्ट है। 11 जिलों के लिए रेड अलर्ट है। यानी झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी और बहुत ही ज्यादा गर्म हवाएं चलेंगी। इसके अलावा पश्चिमी यूपी में गर्म रातों का ऑरेन्ज और पूर्वी यूपी में रेड अलर्ट है। यानी यहां रात के वक्त भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। पारा 25°C-30°C के करीब रहेगा।

इस बीच, कानपुर चिड़ियाघर में गैंडा गर्मी से राहत पाने के लिए बाड़े में लगे स्प्रिंकलर के नीचे शावर लेता नजर आया। बाघ और तेंदुआ पूरे दिन पेड़ की छांव या तालाब में गुजार रहे हैं। रेंजर नावेद इकराम ने बताया- वन्यजीवों के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। खाने में मौसमी और ठंडी चीजें दी जा रही हैं।

लखनऊ के सिविल अस्‍पताल में 10 बेड का विशेष वार्ड

लखनऊ में हीट स्ट्रोक और गर्मी के मरीजों के लिए अस्पताल में 10 बेड का विशेष वार्ड बनाया गया है। सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने बताया कि अस्पताल में तीन कमरों वाला एक कोल्ड रूम एरिया भी तैयार किया गया है, जहां लगातार एसी चल रही है। ORS और आइस पैक का इंतजाम किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई में ही जून जैसी तपिश भरी गर्मी महसूस हो रही है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मणिपुर की ओर से उत्तरी यूपी से होते हुए एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके चलते प्रदेश के कई जिलों में पुरवाई (पूर्व दिशा से चलने वाली हवा) चल रही है। इसने गर्मी बढ़ा दी है। तेज धूप और लू से वास्तविक तापमान से 2°C-3°C ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है। फिलहाल, सात दिन तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है।

10 जिलों में रेड अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर एवं आस पास के क्षेत्र।

33 जिलो में ओरेंज अलर्ट

सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आस पास के क्षेत्र।

17 जिलों में येलो अलर्ट

देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आस पास के क्षेत्र।

मौसम विभाग की चेतावनी

दिन में। में हीट वेव, रात में भी गर्म हवाओं का असर।

दोपहर 12 से 4 बजे तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

23 मई: पूरे यूपी में तेज धूप निकलेगी। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। रातें भी गर्म होंगी।

24 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि तेज धूप निकलेगी। पूर्वी यूपी के ज्यादातर शहरों में लू चलेगी।

25 मई: पश्चिमी यूपी में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। पूर्वी यूपी में तेज धूप निकलेगी।

26 मई: पूरे यूपी में तेज धूप निकलेगी। लू चलने की संभावना है। पूर्वी यूपी में धूल भरी आंधी चल सकती है।

27 मई: पूरे यूपी में प्रचंड गर्मी का ऑरेन्ज अलर्ट है। पूवी यूपी में 40 की रफ्तार में धूल भरी हवा चलेगी।

Post Comment

You May Have Missed