अगले साल से NEET परीक्षा होगी ऑनलाइन, सरकार ने माना- लीक हुए पेपर
नई दिल्ली: अगले सत्र से राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (स्नातक) (NEET-UG) परीक्षा ऑनलाइन होगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने माना कि 03 मई को हुई NEET-UG-2026 की परीक्षा के पेपर लीक हुए थे। उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते थे कि कोई गलत कैंडिडेट सिलेक्ट हो जाए, इसलिए हमने बड़ी जिम्मेदारी से परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया।
शिक्षा मंत्री ने कहा, अब यह परीक्षा रविवार (21 जून) को होगी। 07 मई को गड़बड़ी का पता चला था। एनटीए ने सरकार को बताया, फिर 12 मई को री-एग्जाम का फैसला लिया गया। री-एग्जाम में छात्रों को 15 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम मिलेगा। छात्र री-एग्जाम में अपनी पसंद का सेंटर चुन पाएंगे।
हम किसी भी चीज से मुंह नहीं फेर रहे: धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि हम किसी भी चीज से मुंह नहीं फेर रहे हैं। जो तथ्य हैं, वह छिपना नहीं चाहिए। मीडिया ही इसे यहां तक लाया है। हम चाहते हैं कि मीडिया अपनी जिम्मेदारी समझे। इससे पहले 03 मई को यह एग्जाम देश के 551 और विदेशों के 14 शहरों में हुई था। इसके लिए 5400 से ज्यादा एग्जाम सेंटर्स बनाए गए थे।
📢 NEET (UG) 2026 — परीक्षा तिथि की घोषणा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से NEET (UG) 2026 की पुनः-परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है।
परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।…— National Testing Agency (@NTA_Exams) May 15, 2026
21 जून को होगा NEET UG री-एग्जाम
- 03 मई- 23 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी।
- 07 मई- पेपर लीक की जानकारी मिली।
- 12 मई- NTA ने परीक्षा रद्द की।
NTA के 6 फैसले
- NEET-UG की परीक्षा दोबारा 21 जून को होगी।
- छात्रों को फिर से अप्लाई नहीं करना होगा।
- कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
- 4. पहले से जमा फीस वापस की जाएगी।
- नए एडमिट कार्ड 14 जून से जारी किए जाएंगे।
- पसंद का एग्जाम सेंटर चुन पाएंगे।
धर्मेंद्र प्रधान बोले- छात्रों के आने-जाने के लिए राज्यों से बात करूंगा
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, राधाकृष्ण समिति की सिफारिशों का पालन करने के बावजूद यह उल्लंघन कैसे हुआ। ऐसे में सरकारी मशीनरी यह सुनिश्चित करेगी कि इस बार कोई अनियमितता न हो। मंत्री के रूप में, अभिभावक के रूप में, अधिकारी के रूप में हमें परीक्षा रद्द करने का कठिन निर्णय लेना पड़ा।
उन्होंने कहा कि हमें सुधारों के लिए कई सुझाव मिले हैं। हम इस पर काम कर रहे हैं। NTA का गठन सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार हुआ था। इसके अलावा, मैं उम्मीदवारों के परिवहन को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारों से बात करूंगा।
NEET पेपर लीक केस में अब तक 7 गिरफ्तारियां
सीबीआई ने इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 5 यानी राजस्थान से पकड़े गए मांगी लाल बिंवाल, जमवारामगढ़ के भाई दिनेश बिंवाल, बेटा विकास बिंवाल, हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले यश यादव और नासिक से शुभम खैरनार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने पांचों आरोपियों को 07 दिन की कस्टडी में भेज दिया है। सीबीआई ने इनके अलावा, पुणे से ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे, नासिक से धनंजय लोखंडे को गिरफ्तार किया था।



Post Comment