आज पश्चिमी यूपी के 6 जिलों में बारिश, 38 शहरों के लिए जारी किया गया अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल और बिजनौर जिले में मंगलवार सुबह गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। अचानक आसमान में काले बादल छा गए। धूलभरी आंधी चली। दिन में अंधेरा छा गया। फिर बारिश होने लगी। तेज हवाओं और बारिश की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
आज 38 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में ओले और बिजली भी गिर सकती है। इस बीच पूर्वी यूपी में मौसम साफ है। पश्चिमी यूपी में बादलों की आवाजाही और तेज हवा ने बारिश का माहौल बनाया हुआ है। पिछले एक हफ्ते से बारिश न होने से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को दिन का तापमान 42°C के करीब पहुंच गया।
14 मई से गर्मी दिखाएगी तेवर
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में आज और कल मौसम बिगड़ा रहेगा। तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। हवा की रफ्तार 50 किमी. प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बारिश से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। 14 मई से गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। यानी ज्यादातर शहरों का पारा 45 डिग्री के पार जाएगा।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
13 मई: पूरे प्रदेश में बादए छाए रहेंगे। पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। आंधी चलेगी।
14 मई: पूर्वी-पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। तेज धूप निकलेगी। कहीं-कहीं रातें भी गर्म होंगी।
15 मई: पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलेगी। आसमान साफ रहेगा। पारा 45°C तक पहुंच सकता है।
16 मई: आसमान साफ रहने और तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी। रात में भी गर्मी का एहसास होगा।
17 मई: पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, झांसी और ललितपुर। साथ ही 60 किमी/घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी। ओले और बिजली भी गिर सकती है।



Post Comment