रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में देशभर में UP के दो शहर टॉप 10 में

रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में देशभर में UP के दो शहर टॉप 10 में
  • पहले नंबर पर लखनऊ और दसवें नंबर पर वाराणसी का नाम

UP: उत्तर प्रदेश ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर स्थापना के क्षेत्र में देशभर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। देश के शीर्ष 10 जिलों में उत्तर प्रदेश के दो जिलों का शामिल होना तथा शीर्ष 50 जिलों में प्रदेश के पांच जिलों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे रूफटॉप सोलर बाजारों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। रूफटॉप सोलर स्थापना के मामले में लखनऊ देश में पहले स्थान पर जबकि वाराणसी दसवें स्थान पर पहुंच गया है।

वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 5.17 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। प्रदेश पिछले एक वर्ष से देश में सर्वाधिक क्यूमूलेटिव रूफटॉप सोलर इंस्टालेशन्स के साथ लगातार प्रथम स्थान पर बना हुआ है। प्रदेश में सोलर स्थापना की गति में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। मई 2025 तक जहां प्रतिदिन लगभग 500 संयंत्र स्थापित हो रहे थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 2000 संयंत्र प्रतिदिन तक पहुंच गई है। इस तीव्र वृद्धि के चलते प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 25 से 30 करोड़ रुपये का व्यापारिक टर्नओवर उत्पन्न हो रहा है। साथ ही बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

यूपीनेडा के निदेशक रविन्दर सिंह ने दी जानकारी

उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहा मजबूत सोलर इकोसिस्टम अब केवल योजना आधारित क्रियान्वयन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह राज्य को देश के प्रमुख रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित कर रहा है। यूपीनेडा के निदेशक रविन्दर सिंह के अनुसार, राज्य नोडल एजेंसी के रूप में यूपीनेडा प्रभावी समन्वय और क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रहा है। डिस्कॉम अधिकारियों द्वारा तेज नेट मीटरिंग, मीटर स्थापना और बिलिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बैंकिंग संस्थानों और लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर्स द्वारा सोलर फाइनेंसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि जिला प्रशासन स्थानीय स्तर पर सहयोग और जागरूकता अभियान संचालित कर रहा है।

उन्होंने बताया कि निजी कंपनियां, ईपीसी कंपनियां और लॉजिस्टिक नेटवर्क भी तेजी से अपनी क्षमता का विस्तार कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त सूर्य मित्र स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम तथा यूपीनेडा द्वारा संचालित तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में प्रशिक्षित और किफायती मानव संसाधन उपलब्ध हो रहा है, जो इस क्षेत्र की बड़ी ताकत बनकर उभरा है।

उत्तर प्रदेश आज सोलर मैन्युफैक्चरर, ईपीसी कंपनीज, डिस्ट्रीब्यूटर्स, टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स, फाइनेंसिंग इंस्टीट्यूशंस, लॉजिस्टिक्स कंपनीज और रिन्यूएबल एनर्जी स्टार्टअप्स के लिए बड़े निवेश और व्यावसायिक अवसर प्रस्तुत कर रहा है। प्रदेश सरकार ने देशभर के रिन्यूएबल एनर्जी स्टेकहोल्डर्स से उत्तर प्रदेश की इस सोलर विकास यात्रा से जुड़कर भारत की ऊर्जा सुरक्षा और हरित विकास के मिशन में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

Post Comment

You May Have Missed