ITM गीडा के छात्र का नवाचार, ट्रेन में मदद के लिए बनाया इमरजेंसी अलार्म सिस्टम
गोरखपुर: बड़गहन (सहजनवां) स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (ITM) गीडा के पॉलिटेक्निक दूसरे वर्ष के छात्र सौरभ त्रिपाठी ने चलती ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक अत्याधुनिक सैटेलाइट वायरलेस इमरजेंसी अलार्म सिस्टम विकसित किया है। इस तकनीक का उद्देश्य ट्रेन में होने वाली मारपीट, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अन्य हिंसात्मक घटनाओं के दौरान तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।
छात्र सौरभ ने बताया कि इस सिस्टम के तहत किसी भी आपात स्थिति में यात्री केवल एक बटन दबाकर ट्रेन में तैनात जीआरपी पुलिस को तुरंत अलर्ट भेज सकते हैं। यह अलार्म सिस्टम संबंधित पुलिस कर्मियों के मोबाइल नंबर पर ट्रेन नंबर, कोच नंबर और यात्री की सीट संख्या जैसी महत्वपूर्ण जानकारी तत्काल पहुंचाता है, जिससे समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
रेडियो सैटेलाइट तकनीक से करता है मदद
सौरभ त्रिपाठी ने यह भी जानकारी दी कि इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह नेटवर्क उपलब्ध न होने की स्थिति में भी रेडियो सैटेलाइट तकनीक की सहायता से कार्य करती है। इससे दूरदराज के क्षेत्रों या कमजोर नेटवर्क वाले स्थानों पर भी ट्रेन में तैनात सुरक्षा कर्मियों तक कुछ ही क्षणों में इमरजेंसी संदेश पहुंचाया जा सकता है। यह तकनीक रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध हो सकती है।

छात्र ने बताया कि इस उपकरण को तैयार करने में लगभग 20 दिनों का समय लगा तथा करीब 35 हजार रुपये की लागत आई। इस उपकरण के निर्माण में जीपीएस चिप, ब्लूटूथ मॉड्यूल, मिनी रेड लाइट इंडिकेटर, हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो सिग्नल, डिस्प्ले, वाई-फाई कैमरा, बैटरी सहित कई आधुनिक तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया गया है।
संस्थान निदेशक ने दी शुभकामनाएं
संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने छात्र सौरभ त्रिपाठी द्वारा विकसित इस अभिनव ट्रेन यात्री इमरजेंसी हेल्प सिस्टम की सराहना करते हुए कहा कि देश को विकसित बनाने में नवाचार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। छात्रों के छोटे-छोटे विचार ही आगे चलकर बड़े आविष्कार का रूप लेते हैं। छात्रों की इस उपलब्धि पर संस्थान के अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया, संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल सहित संस्थान के सभी शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



Post Comment