लखनऊ में IPL का नकली टिकट बेचने वाले चार गिरफ्तार, ChatGPT से ली थी मदद

लखनऊ में IPL का नकली टिकट बेचने वाले चार गिरफ्तार, ChatGPT से ली थी मदद

लखनऊ: राजधानी में आईपीएल मैच के दौरान नकली टिकट बेचने के मामले में साइबर सेल और सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छत्तीसगढ़ के चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से नकली टिकट, लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और टिकट प्रिंट करने का सामान बरामद हुआ है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सोशल मीडिया से असली टिकटों की फोटो डाउनलोड करते थे, फिर Corel Draw सॉफ्टवेयर की मदद से हूबहू नकली टिकट तैयार करते थे। टिकट की साइज, पेपर क्वालिटी और डिजाइन से जुड़ी जानकारी के लिए उन्होंने चैट जीपीटी का भी इस्तेमाल किया था।

स्टेडियम गेट पर खुला फर्जीवाड़ा

जालौन निवासी प्रदीप सिंह 07 मई को IPL मैच देखने के लिए इकाना स्टेडियम पहुंचे थे। स्टेडियम के बाहर कुछ युवकों ने उन्हें दो युवक टिकट बेच दिए। इसके बदले आरोपियों ने UPI के जरिए 1000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। जब प्रदीप टिकट लेकर एंट्री गेट पर पहुंचे तो कर्मचारियों ने टिकट को फर्जी बता दिया। इसके बाद पीड़ित ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे दोदनखेड़ा चौराहे के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी श्रीकांत बोरकर, नूतन कुमार साहू, राजेंद्र चौधरी और विश्वजीत साहू के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्थिक तंगी और नया ऑफिस खोलने के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से उन्होंने नकली IPL टिकट बेचने की योजना बनाई।

YouTube से सीखी डिजाइनिंग, सोशल मीडिया से जुटाई फोटो

गिरोह का सदस्य विश्वजीत साहू 2D और 3D डिजाइनिंग का काम करता है। उसने बताया कि उसने YouTube और कोचिंग के जरिए डिजाइनिंग सीखी थी। आरोपी Facebook, Instagram और YouTube से असली टिकटों की फोटो डाउनलोड करते थे। इसके बाद उन्हें एडिट कर नकली टिकट तैयार किए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भी फर्जी टिकट बेचने पहुंचे थे, लेकिन बारकोड मैच नहीं होने के कारण वहां सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने टिकट की क्वालिटी में सुधार किया और लखनऊ आ गए।

ये सामान हुआ बरामद

15 फर्जी IPL टिकट

14 प्रिंटेड टिकट शीट

ASUS लैपटॉप

4 स्मार्ट मोबाइल फोन

पेपर कटर और प्रिंटिंग सामग्री

बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड

CG नंबर की रिट्ज कार।

Post Comment

You May Have Missed