एसआरएमएस में दो दिवसीय UPCCDSICON नौ और 10 मई को
बरेली: एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के जनरल मेडिसिन विभाग और क्लिनिको कार्डियो डायबिटीज सोसायटी ऑफ इंडिया यूपी चैप्टर (UPCCDSI) की ओर से आयोजित और एसोसिएशन ऑफ फिजीशियन ऑफ इंडिया की बरेली शाखा (एपीआई) के सहयोग से दो दिवसीय कांफ्रेंस यूपीसीसीडीएसआईकोन (UPCCDSICON) का आयोजन 09 और 10 मई को किया जाएगा। इसमें देश के 50 से ज्यादा नामचीन कार्डियो डायबिटोलॉजिस्ट मधुमेह और उससे संबंधित अन्य बीमारियों के संबंध में व्याख्यान देंगे, जबकि 500 से ज्यादा डेलीगेट्स इस कांफ्रेंस में शामिल होंगे।
यह जानकारी कांफ्रेंस की ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी एवं एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज स्थित मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) स्मिता गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि एसजीपीजीआई लखनऊ के डायरेक्टर पद्मश्री डॉ. आरके धीमन इस दो दिवसीय कांफ्रेंस में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि रिसर्च सोसायटी फार स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (आरएसएसडीआई) के प्रेसिडेंट डॉ. अनुज महेश्वरी और क्लिनिको कार्डियो डायबिटीक सोसायटी ऑफ इंडिया के फाउंडर प्रेसिडेंट डॉ. एएन राय विशिष्ठ अतिथि के रूप में एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगे।
ये हस्तियां देंगी व्याख्यान
शनिवार (09 मई) सुबह नौ बजे से आरंभ होने वाली कांफ्रेंस का उद्घाटन दोपहर डेढ़ बजे होगा। कांफ्रेंस के साइंटिफिक सेक्रेटरी डॉ. दीपक दास ने बताया कि मेडिसिन विभाग की ओर से होने वाली यह कांफ्रेंस मेडिसिन अपडेट का छठवां संस्करण है। इसमें तीन विशेष व्याख्यान होंगे। डॉ. मधुकर राय ओरेशन के तहत जमशेदपुर के डॉ. अनिल कुमार विरमानी पहला व्याख्यान देंगे। चेयरमैन ओरेशन के तहत दूसरा व्याख्यान लखनऊ के डॉ. अनुज महेश्वरी का होगा। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज की पूर्व मेडिकल डायरेक्टर डॉ. निर्मल यादव श्रीराम मूर्ति ओरेशन के तहत रीडिफाइनिंग मेडिकल एजुकेशन पर तीसरा व्याख्यान देंगी।
कांफ्रेंस के मुख्य अतिथि एसजीपीजीआई लखनऊ के डायरेक्टर पद्मश्री डॉ. आरके धीमन हेपेटाइटिस पर अपने शोध पत्र पर व्याख्यान देंगे। एसजीपीजीआई लखनऊ के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. आदित्य कपूर मेंटरशिप के जरिए मेडिकल क्षेत्र में महिलाओं के करियर के सशक्तिकरण पर व्याख्यान देंगे। एसजीपीजीआई लखनऊ स्थित हेपेटोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमित गोयल तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहे फैटी लिवर पर विशेष जानकारी देंगे। 14 सत्रों के साथ होने वाली इस कांफ्रेंस का समापन रविवार (10 मई) दोपहर जिम्स नोएडा मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सौरभ श्रीवास्तव के डायबिटिक फुट पर दिए जा रहे लेक्चर से होगा। कांफ्रेंस में पीजी विद्यार्थी भी अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।



Post Comment