Akhilesh-Mamata Meet: ‘भैया’ और ‘दीदी’ की मुलाकात, सपा मुखिया बोले- आप हारीं नहीं

Akhilesh-Mamata Meet: ‘भैया’ और ‘दीदी’ की मुलाकात, सपा मुखिया बोले- आप हारीं नहीं

Akhilesh-Mamata Meet: सपा मुखिया अखिलेश यादव बंगाल पहुंचे हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात की। बंगाल में 15 साल पुराने टीएमसी शासन के खात्मे और भाजपा की प्रचंड जीत के बाद यह पहली मुलाकात है। इस दौरान अखिलेश ने कहा कि भाजपा को दीदी हमेशा से खटकती रही हैं। अखिलेश का मानना है कि भले ही इस बार आंकड़े पक्ष में न रहे हों, लेकिन ममता बनर्जी ने एक योद्धा की तरह मुकाबला किया है। ममता बनर्जी खुद अखिलेश यादव को रिसीव करने के लिए गेट तक आईं, जबकि उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने अखिलेश को गले लगाकर उनका स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी को शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया और कहा, दीदी, आप हारी नहीं हैं। अखिलेश ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के हौसले की तारीफ करते हुए कहा कि आप लोगों ने जिस तरह से चुनाव लड़ा, वह वाकई काबिले तारीफ है।

मुलाकात के बाद क्या बोले अखिलेश यादव?

मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा, भाजपा की आंखों में दीदी खटकती हैं, क्योंकि वह आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं। भाजपा सामंती सोच की है, इनके संगी साथी लोग पुरुषवादी लोग हैं। यह लोग नारी को बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते हैं। मैंने इस चुनाव को बहुत करीब से देखा। जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल हुआ और भाजपा का जो रवैया था, वो हैरान करने वाला है। भाजपा ने बंगाल में जो किया, यूपी में उससे कम किया था। बंगाल में उसका ट्रायल किया गया। उन्होंने कहा, भाजपा जिस तरह से काम करती है, उससे अराजकता फैलती है। चुनाव के बाद कहा गया कि सुरक्षाबलों की कई कंपनियां यहां रहेंगी। सिक्योरिटी संभालेंगी। अब वे कंपनियां कहां हैं?

अखिलेश ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। अखिलेश ने बंगाल चुनाव के नतीजों और चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के झूठ ‘सोन पपड़ी’ की तरह हैं, जहां एक के ऊपर एक झूठ की परतें जमाई जाती हैं। अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता को सीधे कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने चुनाव के दौरान हुई हिंसा और धांधली के आरोपों पर कड़ा रुख अपनाया। अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और वह भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि आयोग ‘मर’ चुका है।

Post Comment

You May Have Missed