बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या, TMC ने की मामले की CBI जांच की मांग

बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या, TMC ने की मामले की CBI जांच की मांग

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना स्थित मध्यमग्राम में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ (42 साल) की बुधवार रात 10.30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय चंद्रनाथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर स्कॉर्पियो से लौट रहे थे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, वह ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे थे। उनके साथ ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति भी था। कोलकाता से करीब 20 किलोमीटर दूर डोलतला से मध्यमग्राम के बीच एक कार पीछे से आई और स्कॉर्पियो के सामने जाकर रास्ता रोक दिया। फिर एक बाइक पर हमलावर आया और स्कॉर्पियो की बाईं तरफ से 6 से 10 राउंड फायरिंग की।

टीएमसी पर घटना को अंजाम देने का आरोप

चंद्रनाथ को 4 गोलियां लगीं। इनमें दो गोलियां सीने से आर-पार हो गईं। एक गोली पेट में लगी। ड्राइवर बुद्धदेब बेरा को भी गोली लगी। घटना के बाद हमलावर कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चंद्रनाथ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की हालत गंभीर है। भाजपा ने TMC पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।

ग्लॉक 47X पिस्टल से फायरिंग, बिना नंबर प्लेट बाइक

फॉरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट के अनुसार, हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया था। इस तरह के मॉडर्न हथियार का इस्तेमाल कोई आम अपराधी नहीं करते। जिस तरह से हमला हुआ, उसे कोई प्रोफेशनल शूटर ही अंजाम दे सकता है। बाइक सवार हमलावर हेलमेट पहने हुए था और बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने मौके से वह कार जब्त की है, जिससे स्कॉर्पियो का रास्ता रोका गया था। हालांकि, उस पर लगा नंबर प्लेट फर्जी निकला।

चंद्रनाथ रथ पर फायरिंग के करीब 1 घंटे बाद रात करीब 12.30 बजे बशीरहाट जिले में रोहित रॉय नाम के भाजपा कार्यकर्ता पर फायरिंग हुई। उनकी हालत गंभीर है। राज्य में 4 मई को चुनावी नतीजों के बाद अब तक 5 लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें 3 भाजपा और 2 TMC से जुड़े थे।

सुवेंदु अधिकारी बोले– 2-3 दिनों तक रेकी के बाद हुई हत्या

सुवेंदु अधिकारी ने PA की हत्या को प्लान्ड मर्डर बताया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि भाजपा बंगाल में गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी।

उन्‍होंने कहा कि चंद्रनाथ रथ की हत्या पूरी तरह से कोल्ड-ब्लडेड मर्डर है। रथ की 2-3 दिनों तक रेकी की गई थी। पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं, जांच जारी है। यह TMC के 15 सालों के महाजंगलराज का नतीजा है। भाजपा बंगाल के गुंडों के सफाए का काम शुरू करेगी।

TMC ने मामले की CBI जांच की मांग की

TMC ने सुवेंदु के PA की हत्या के पीछे अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने के आरोपों का खंडन करते हुए मामले की CBI जांच की मांग की है। पार्टी ने बुधवार देर रात स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा- हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की निंदा करते हैं। हम इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें कोर्ट की निगरानी में CBI जांच कराई जाए। अन्य भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं की हत्या की भी जांच कराई जाए।

PA की मां बोलीं- BJP की जीत के बाद बेटे को निशाना बनाया

सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ की मां हसिरानी रथ ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नॉर्थ 24 परगना के चांदीपुर में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा- आरोपियों को फांसी नहीं, बल्कि उम्रकैद की सजा मिलनी चाहिए।

हसिरानी रथ ने आरोप लगाया कि BJP के सत्ता में आने के बाद उनके बेटे को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा- चुनाव के दौरान TMC के नेताओं ने भड़काऊ बयान दिए गए थे और 4 मई के बाद उसका असर देखने को मिला। उन्होंने कहा- अगर मेरे बेटे की मौत किसी हादसे में होती तो मुझे इतना दुख नहीं होता, लेकिन जिस तरह से उसे प्रताड़ित कर मार डाला गया, वह बेहद दर्दनाक है।

दिलीप घोष बोले– जो चुनाव में गड़बड़ी नहीं कर पाए, उन्होंने हमला किया

चंद्रनाथ रथ की हत्या पर खड़गपुर सदर से भाजपा के जीते हुए उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, ‘हमें लगा था कि अब हिंसा और बंदूक की राजनीति खत्म हो गई है। लेकिन जो लोग पहले चुनाव में गड़बड़ी नहीं कर पाए, वे अब हमले कर रहे हैं। पुलिस को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।’

सुवेंदु के साथ 5 साल से काम कर रहे थे चंद्रनाथ

  • चंद्रनाथ रथ पूर्वी मिदनापुर के नंदीग्राम का रहने वाले थे। वे अविवाहित थे।
  • 2000 में माध्यमिक परीक्षा पास की थी। शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत आर्मी में सेवा दी।
  • सेना से रिटायर होने के बाद सुवेंदु अधिकारी के निजी स्टाफ (पीएस) के रूप में काम करने लगे।
  • इससे पहले चंद्रनाथ और उनका परिवार तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा हुआ था। उनकी मां पंचायत समिति की सदस्य रह चुकी थीं।
  • जब सुवेंदु भाजपा में शामिल हुए, तब चंद्रनाथ ने भी पार्टी बदलकर भाजपा का दामन थाम लिया।
  • साल 2021 से वह लगातार सुवेंदु के करीबी सहयोगी के तौर पर काम कर रहे थे।

Post Comment

You May Have Missed