UP Ka Mausam: प्रदेश में जानलेवा हुई आंधी-बारिश, अलग-अलग हादसों में 23 मौतें
UP Ka Mausam: प्रदेश में सोमवार सुबह मौसम अचानक बदला, जिससे कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। कई जिलों में बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिससे खेतों में काम कर रहे किसान और खुले स्थानों पर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। कुछ जगहों पर तेज आंधी के कारण पेड़ और दीवारें गिरने से भी जान-माल का नुकसान हुआ। इसके चलते प्रदेश में कुल 23 लोगों की मौत हो गई। इनमें अवध के जिलों के भी सात लोग शामिल हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 21 जिलों में गरज-चमक और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
खराब मौसम के दौरान हादसों में 7 की मौत
अवध के जिलों में सोमवार सुबह अचानक तेज आंधी और बारिश के दौरान हादसों में सात लोगों की जान चली गई। गोंडा में पेड़ गिरने, बिजली का तार टूटने और खराब मौसम में कार पलटने से चार लोगों ने अलग-अलग जगह दम तोड़ दिया। वहीं बलरामपुर में भी पेड़ गिरने से एक ई रिक्शा चालक की मौत हो गई। दूसरी ओर बहराइच और अंबेडकरनगर में बिजली गिरने से दो युवको की मौत हो गई।
आंधी व ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 21 जिलों में गरज-चमक और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 30 जिलों में 70 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले तीन दिन तक प्रदेश में आंधी, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहेंगी। पांच से सात मई के बीच भी कई क्षेत्रों में तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना है।
यहां है गरज चमक के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदाैली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या , अंबेडकर नगर व आस पास के क्षेत्र।
झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर व आस पास के क्षेत्र।



Post Comment