राजस्थान रॉयल्स ₹15,660 करोड़ में बिकी, IPL इतिहास की हुई दूसरी सबसे बड़ी डील

राजस्थान रॉयल्स ₹15,660 करोड़ में बिकी, IPL इतिहास की हुई दूसरी सबसे बड़ी डील

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स को दुनिया के नंबर वन स्टील कारोबारी लक्ष्मी निवास मित्तल और आदित्य मित्तल ने खरीद लिया है। सीरम इंस्टीट्यूट के मालिक अदार पूनावाला भी इसमें पार्टनर हैं। इस डील की अनुमानित एंटरप्राइज वैल्यू करीब 1.65 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 15,660 करोड़ रुपये) बताई जा रही है। यह IPL इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी डील है।

डील पूरी होने के बाद मित्तल परिवार के पास राजस्थान रॉयल्स की लगभग 75% हिस्सेदारी होगी, जबकि अदार पूनावाला करीब 18% हिस्सेदारी के साथ साझेदार बने रहेंगे। वहीं, बाकी 7% हिस्सेदारी मनोज बडाले और अन्य मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी।

मार्च में लगी थी 15,289 करोड़ की बोली

इससे पहले 28 मार्च को PTI ने सोर्स के हवाले से बताया था कि भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी और उनके कॉन्सोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स को 1.63 बिलियन डॉलर यानी करीब 15,289 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। बाद में यह सौदा नहीं हो सका। PTI का कहना है कि कॉन्सोर्टियम सौदे से पीछे हट गया है।

सौदा सितंबर 2026 तक पूरा होगा

राजस्थान रॉयल्स अब केवल आईपीएल टीम तक सीमित नहीं रही है, बल्कि एक ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन चुकी है। इस सौदे में केवल IPL टीम ही नहीं, राजस्थान रॉयल्स के मालिकाना हक वाली दक्षिण अफ्रीका की ‘पार्ल रॉयल्स’ और कैरेबियन लीग की ‘बारबाडोस रॉयल्स’ भी शामिल हैं।

हालांकि, यह डील अभी नियामक मंजूरियों पर निर्भर है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), IPL गवर्निंग काउंसिल और अन्य संबंधित संस्थाओं की स्वीकृति के बाद ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। अनुमान है कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यह सौदा सितंबर 2026 तक पूरा हो सकता है।

नए मालिकाना स्ट्रक्चर में लक्ष्मी एन. मित्तल, आदित्य मित्तल, वनिशा मित्तल-भाटिया, अदार पूनावाला और मनोज बडाले बोर्ड में शामिल होंगे। बडाले अपने अनुभव से पुराने और नए मैनेजमेंट के बीच संतुलन बनाएंगे।

मित्तल ने कहा– क्रिकेट से मेरा लगाव बचपन से रहा

मित्तल परिवार का राजस्थान से गहरा जुड़ाव भी इस डील को खास बनाता है, क्योंकि लक्ष्मी मित्तल का जन्म चूरू जिले के एक छोटे से गांव में हुआ था। इसके बाद उनका परिवार कोलकाता चला गया था।

लक्ष्मी मित्तल ने कहा कि क्रिकेट के प्रति लगाव बचपन से रहा है और राजस्थान रॉयल्स से जुड़ना गर्व का विषय है। उन्होंने टीम की विरासत को आगे बढ़ाने और फैंस के साथ इस सफर का हिस्सा बनने की बात कही।

Post Comment

You May Have Missed