फुटबॉल टूर्नामेंट में शुक्रवार को होंगे सेमीफाइनल मुकाबले
बरेली: श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट सीजन-2 के तीसरे दिन गुरुवार को चारों क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मैच में जीत हासिल कर डीपीएस, हार्टमैन, आर्मी पब्लिक स्कूल सीनियर विंग और चाइल्ड केयर बिशप कोनराड स्कूल ने सेमी फाइनल में स्थान सुरक्षित किया। इन टीमों के बीच सेमी फाइनल मैच शुक्रवार को खेला जाएगा। पहले सेमीफाइनल में डीपीएस का मुकाबला चाइल्ड केयर बिशप कोनराड स्कूल से और दूसरे सेमी फाइनल मैच में हार्टमैन कॉलेज का मुकाबला आर्मी पब्लिक स्कूल सीनियर विंग से होगा।
श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट सीजन टू का पहला क्वार्टर फाइनल मैच सुबह 08.00 बजे फुटबॉल स्टेडियम में आरंभ हुआ। इसमें डीपीएस ने सोबती पब्लिक स्कूल को 4-2 से पराजित किया। डीपीएस की ओर से अमृत पाल, अद्वय, शौर्य और मोहम्मद शिशान ने गोल किए। हार्टमैन कॉलेज और एसआर इंटरनेशनल स्कूल के बीच दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच हुआ। जिसमें हार्टमैन ने एसआर को 5-0 गोल से पराजित किया। हार्टमैन की ओर से साई मेहता, अभिनव कटियार, महद खान, काव्यांश खन्ना और जसकरन सिंह ने गोल किए।
इनके बीच खेला गया तीसरा क्वार्टर फाइनल
आर्मी पब्लिक स्कूल सीनियर विंग और कृष्णा पब्लिक स्कूल के बीच तीसरा क्वार्टर फाइनल खेला गया। इसमें आर्मी पब्लिक स्कूल सीनियर विंग ने 9-0 गोल से कृष्णा पब्लिक स्कूल को पराजित किया। आर्मी पब्लिक स्कूल की ओर से हर्षित साही ने तीन, दक्ष, आर्यन सिंह, वंश, इशांत देव और राजेश ने एक एक गोल किए। चौथा क्वार्टर फाइनल मैच चाइल्ड केयर बिशप कोनराड स्कूल और आर्मी पब्लिक स्कूल जूनियर विंग के बीच खेला गया। इसमें चाइल्ड केयर ने 2-1 से जीत दर्ज की। चाइल्ड केयर की ओर से ऋतुराज ने 2 और आर्मी पब्लिक स्कूल जूनियर विंग की ओर से लविश ने एक गोल किया। बरेली जिला फुटबॉल संघ के सचिव मून रॉबिन्सन, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं कोच नसीम अख्तर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।



Post Comment