एंटरटेनमेंट डेस्क: टीवी के पॉपुलर शो ‘एफआईआर’ में नजर आ चुक एक्टर विपुल रॉय के घर चोरी की घटना सामने आई है। अभिनेता ने 21 अप्रैल को नदीजकी पुलिस स्टेशन में अपनी नौकरानी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एक्टर विपुल रॉय द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के अनुसार, ये घटना 06 अप्रैल की है। एक्टर विपुल रॉय पत्नी और बेटी के साथ मुंबई के खार वेस्ट में स्थित एसवी रोड की कलानिकेतन सोसाइटी में रहते हैं। उनका फ्लैट 10वीं मंजिल पर है, जिसका नंबर 1001 है। वो फुल टाइम नौकर रखने के बजाए ऑनलाइन सर्विस एप से काम पड़ने पर हाउसहेल्प बुलाते रहते हैं। उन्होंने 06 अप्रैल को भी अर्बन कंपनी से दीपाली संय खारवा नाम की एक हाउसहेल्प को बुलाया था, जिसकी उम्र करीब 35 साल थी। उसे सफाई का काम दिया गया था।
शिकायत में बताई ये बात
वो पहले भी कई मौकों पर एक्टर के घर की सफाई करने के लिए आ चुकी थी और उसे घर के हर सामान की सही जगह, घर वालों का रूटीन और कमरों की जानकारी थी। पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, 06 अप्रैल को सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर दीपाली ने बेडरूम में पोछा लगाया था। जैसे ही एक्टर कमरे में आने वाले थे, उसने टोक दिया कि पोछे से फर्श काफी गीला है, तो गंदे पैर वो कमरे में न लगाएं। कुछ ही देर बाद उसने कमरा अंदर से बंद कर लिया। करीब 15 मिनट बाद वो बाहर आई और कुछ देर बाद काम खत्म कर निकल गए।
उसी रात जब विपुल रॉय ने अलमारी खोली तो देखा कि उनकी पत्नी के गहने, कैश और फॉरेन करेंसी के सारे नोट गायब हैं। एक्टर ने बताया कि उनकी अलमारी में 30 अमेरिकी डॉलर, 7 हजार यूएई दिरहम, 14500 थाई बात और 6 लाख रुपये कैश थे। इसके अलावा उनकी अलमारी में एक चांदी का कंगन और दो गोल्ड रिंग थीं। चोरी हुए सामान की कुल कीमत 7 करोड़ 10 लाख रुपये थी। शिकायत में उन्होंने अर्बन कंपनी से आई नौकरानी दीपाली पर आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद सीसीटीवी फुटेज, आरोपी महिला दीपाली की लोकेशन और ऑनलाइन बुकिंग की डिटेल्स की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दीपाली खरवा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 (मालिक के कब्जे में संपत्ति की क्लर्क या नौकर द्वारा चोरी) के तहत मामला दर्ज किया है।
कौन हैं विपुल रॉय?
विपुल रॉय एक टीवी एक्टर हैं, और उन्होंने ‘एफआईआर’ टीवी शो में भोला पंडित का किरदार निभाकर सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने पंजाबी फिल्म What The Jatt में भी काम किया था। वह ‘तुझको है सलाम जिंदगी’, ‘डॉ. मधुमति ऑन ड्यूटी’, ‘साहेब बीवी और बॉस’, ‘पार्टनर्स ट्रबल हो गई डबल’ और ‘चेहरा’ जैसे शोज में भी नजर आए। विपुल ने ‘इंडियाज बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज’ में भी हिस्सा लिया था, और फिर ‘सा रे गा मा पा मेगा चैलेंज’ और ‘व्हील घर घर में’ होस्ट किया। साथ ही वेब सीरीज Booo Sabki Phategi में भी काम किया।