Kangana Ranaut: विकास बहल के निर्देशन में बनी फिल्म ‘क्वीन’ ने कंगना रनौत के करियर को एक अहम मोड़ दिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। साथ ही कंगना को इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला। दिलचस्प बात यह है कि वर्षों बाद कंगना और विकास इस फिल्म का दूसरा पार्ट ला रहे हैं। कंगना ने भी ‘क्वीन 2’ की पुष्टि कर दी है।
कंगना रनौत ने एक इंटरव्यू में फिल्म के सीक्वल पर काम करने की बात कंफर्म की। हालांकि, फिल्म से अन्य जरूरी डिटेल्स के बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया। उनसे जब पूछा गया कि क्या उन्होंने ‘क्वीन 2’ की शूटिंग शुरू कर दी है? तो कंगना ने फिल्ममेकर विकास बहल के साथ अपने कोलैबोरेशन की बात कंफर्म करते हुए कहा, ‘विकास बहल और मैं साथ आ रहे हैं, लेकिन मैं ज्यादा कुछ नहीं बता सकती। हां, मैं फिर से एक्टिंग कर रही हूं’।
कंगना ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि
हालांकि, कंगना ने ‘क्वीन 2’ के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया। उन्होंने पहली फिल्म में काम करने के अपने अनुभव याद किए। साथ ही मशहूर सिंगर आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि उन्हें फिल्म में आशा ताई के मशहूर गाने “हंगामा हो गया” पर डांस करने का मौका मिला था। कंगना ने बताया, ‘दिल टूट गया। मुझे इस नुकसान का बहुत ज्यादा दुख है, क्योंकि ऐसे लोग सदियों में एक बार ही पैदा होते हैं। ऐसे लोग दोबारा नहीं होंगे’।