मिर्जापुर: जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह की हत्या करने वाले 50 हजार रुपये के इनामी राजेंद्र सोनकर को पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिसकर्मी उसे कंधे पर टांगकर गाड़ी तक ले गए, फिर मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी अपर्णा रजक कौशिक ने बताया कि बरौधा तिराहे पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आरोपी बाइक से आया और पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई।
शनिवार सुबह की गई थी वकील राजीव सिंह की हत्या
शनिवार सुबह सवा सात बजे वकील राजीव सिंह (45) की उनके घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। आरोपी ने उनके सीने से सटाकर तमंचे से गोली मारी गई थी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ फरार हो गया था।
वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। एसपी ने उसे पकड़ने के लिए पांच टीमें लगाई थी। साथ ही उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 15 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। साथी की तलाश जारी है।
वकील की पत्नी गांव में प्रधान
मूलरूप से विंध्याचल थाना के देवरी गांव के रहने वाले राजीव सिंह उर्फ रिंकू कटरा कोतवाली में रहते थे। साल 2011 में यहां जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। बच्चों की पढ़ाई की वजह से यहीं रहते थे। यहीं से कोर्ट आते-जाते थे। गांव में पत्नी प्रतिभा सिंह (40) प्रधान हैं। खुद भी 2 बार प्रधान रह चुके थे। इस वजह से गांव भी आना जाना लगा रहता था। उनके 2 बेटे ओम (18) और सार्थक (12) हैं।
आरोपी भी प्रधानी का चुनाव लड़ चुका है
एसपी ने बताया था कि मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर वकील के गांव देवरी का रहने वाला था। प्रधानी का चुनाव लड़ चुका था। उसकी राजीव की पत्नी प्रतिभा सिंह से चुनावी रंजिश चल रही थी। राजेंद्र कतवारू का पुरा यानी वकील के घर के पास किराए पर रहता है। उसे पहले से पता था कि राजीव मॉर्निंग वॉक के लिए हर दिन कितने बजे घर से निकलते हैं। पूरी साजिश रचकर उसने वारदात की।
जांच में पता चला था कि आरोपी पर 2020 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा हुआ था। उस मामले में राजीव सिंह ही राजेंद्र सोनकर की पैरवी कर रहे थे। परिजनों ने बताया- गांव का होने के नाते अक्सर राजीव, राजेंद्र की पैसों से भी मदद करते थे। पुलिस ने बताया कि राजेंद्र सोनकर पहले भी तीन बार जेल जा चुका है। वह नशे का भी आदी है।