UP Board Result: खत्म होने वाला है छात्रों का इंतजार! जल्द जारी हो सकता है परिणाम
UP Board Result: उत्तर प्रदेश बोर्ड के लाखों छात्रों के लिए रिजल्ट का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है. जानकारी के अनुसार यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 25 से 29 अप्रैल के बीच जारी किया जा सकता है. पिछले साल भी कॉपियों का मूल्यांकन जल्दी पूरा हो गया था और 25 अप्रैल को रिजल्ट घोषित किया गया था. इस बार कॉपियों की जांच 4 अप्रैल तक चली है. ऐसे में माना जा रहा है कि रिजल्ट भी इसी समय के आसपास जारी किया जाएगा.
इस साल मूल्यांकन प्रक्रिया में थोड़ा बदलाव देखने को मिला. पहले कॉपियों की जांच 1 अप्रैल तक पूरी हो जाती थी. लेकिन इस बार इसे 4 अप्रैल तक बढ़ाया गया. इसका कारण बीच में पड़े त्योहार रहे. ईद और राम नवमी की छुट्टियों की वजह से काम कुछ दिनों के लिए प्रभावित हुआ. हालांकि अब मूल्यांकन पूरा हो चुका है और रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है.
कैसे देखें रिजल्ट?
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र इसे ऑनलाइन देख सकेंगे. इसके लिए उन्हें यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाना होगा. वहां 10वीं या 12वीं रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करना होगा. इसके बाद रोल नंबर और जन्म तिथि डालनी होगी. फिर स्क्रीन पर रिजल्ट दिख जाएगा. छात्र इसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं. बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को एक जरूरी चेतावनी भी दी है. इन दिनों कुछ साइबर ठग नंबर बढ़ाने के नाम पर फोन या मैसेज कर रहे हैं. ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है. बोर्ड कभी भी इस तरह का संपर्क नहीं करता है. अपनी निजी जानकारी, रोल नंबर या बैंक डिटेल किसी के साथ साझा न करें. अगर ऐसा कोई कॉल आए, तो तुरंत इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें या संबंधित अधिकारी को जानकारी दें.



Post Comment