उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली में अभी भी दिक्‍कत, गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए सुबह 6 बजे से लगीं लाइनें

बरेली में अभी भी दिक्‍कत, गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए सुबह 6 बजे से लगीं लाइनें

बरेली: बरेली में गैस सिलेंडर के लिए लोगों को अभी भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सिरौली स्थित अग्रवाल भारत गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। सोमवार सुबह 6 बजे से ही लोग अपनी बारी के इंतजार में लंबी कतारों में खड़े हो जाते हैं। घंटों इंतजार के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में परेशानी बढ़ गई है।

एजेंसी के मालिक आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्या आपूर्ति की नहीं, बल्कि भारत सरकार के नियमों की है। नियमानुसार, बिना अग्रिम बुकिंग और बिना केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी किए सिलेंडर वितरित नहीं किया जा सकता।

कनेक्‍शन में तकनीकी दिक्‍कत या KYC अपडेट के कारण परेशानी

अग्रवाल के अनुसार, जो उपभोक्ता खाली हाथ लौट रहे हैं, उनमें से अधिकतर वे हैं जिनके कनेक्शन में तकनीकी दिक्कतें हैं या जिन्होंने अपनी केवाईसी अपडेट नहीं कराई है। बढ़ती भीड़ और हंगामे की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने गैस एजेंसी पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिसकर्मियों की देखरेख में कतारों को व्यवस्थित कराया जा रहा है, ताकि शांतिपूर्ण तरीके से सिलेंडर का वितरण हो सके और किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

दूसरी ओर, उपभोक्ताओं का कहना है कि वे पूरे दिन काम छोड़कर लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन सर्वर या अन्य तकनीकी कारणों का हवाला देकर उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जाता। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि केवाईसी की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और वितरण खिड़कियों की संख्या बढ़ाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *