स्पोर्ट्स डेस्क: आईसीसी टी-20 विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार (05 मार्च) को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें सेमीफाइनल में लगातार तीसरी बार भिड़ेंगी। इससे पहले 2022 और 2024 में भी दोनों के मैच हुए, 1-1 जीत दोनों को मिली। सेमीफाइनल जीतने के बाद दोनों टीमों ने फाइनल भी जीता।
भारत की टीम छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। टीम इससे पहले 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में भी टॉप-4 टीमों में जगह बना चुकी है, टीम ने 5 में से 3 सेमीफाइनल जीते। वहीं, इंग्लैंड भी छठी बार सेमीफाइनल खेल रहा है। इससे पहले टीम 2010, 2016, 2021, 2022 और 2024 में इस स्टेज तक पहुंची थी। 3 सेमीफाइनल जीतकर टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी।
वर्ल्ड कप में छठी बार होगा सामना
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 29 टी-20 मुकाबले खेले गए। भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों ने 5 मैच खेले। भारत ने 3 और इंग्लैंड ने 2 जीते।
कप्तान सूर्या भारत के टॉप स्कोरर
इस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने 7 मैचों में 231 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 84 रन रहा। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 7 मैचों में 12 विकेट झटके।
आदिल रशीद इंग्लैंड के टॉप बॉलर
इस टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रुक बल्ले से सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे। उन्होंने 7 मैचों में 228 रन बनाए हैं। बॉलिंग डिपार्टमेंट में आदिल रशीद ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 7 मुकाबलों में 11 विकेट अपने नाम किए।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जैमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद।