नई दिल्ली: मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट है। सोमवार यानी 2 फरवरी को वायदा बाजार में चांदी करीब 23 हजार रुपये (9%) गिर गई। 1 किलो चांदी का भाव 2.41 लाख रुपये पर आ गया। सोने में भी करीब 7 हजार रुपये (6%) की गिरावट है। 10 ग्राम सोना 1.40 लाख रुपये पर आ गया है।
इससे पहले 30 जनवरी को सर्राफा बाजार में चांदी 40,638 रुपये और सोना 9,545 रुपये सस्ता हुआ था। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, एक किलो चांदी 3,39,350 रुपये किलो पर आ गई है। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,65,795 रुपये पर आ गया है।
तीन दिन में सोना ₹30 हजार और चांदी ₹1.60 लाख सस्ती
वायादा बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के दाम में दो दिन में 30 हजार रुपये की गिरावट हुई है। 29 जनवरी को ये 1.69 लाख रुपये पर पहुंच गया था, जो आज 1.40 लाख रुपये पर ट्रेड कर रहा है।
चांदी की कीमत में 1.60 लाख रुपये की गिरावट हुई है। 29 जनवरी को ये 4.01 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी, जो आज 2.40 लाख रुपये पर ट्रेड कर रही है।
सोने-चांदी में गिरावट की 2 वजह
प्रॉफिट बुकिंग: सोने-चांदी की कीमत हाल के दिनों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, जिसके बाद निवेशकों ने बड़े पैमाने पर प्रॉफिट बुक किया।
फिजिकल डिमांड में कमी: ऑल टाइम हाई के बाद फिजिकल डिमांड कमजोर हुई, साथ ही औद्योगिक उपयोग को लेकर चिंताएं भी बढ़ीं।