UP News: यूपी में 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर ब्लैकआउट मॉकड्रिल होगी। प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान यह देखा जाएगा कि इमरजेंसी में दुश्मन देश के हमले से निपटने के लिए हम कितना तैयार हैं। लखनऊ में मॉकड्रिल का रिहर्सल किया गया। लखनऊ की पुलिस लाइन में शाम अचानक अफरातफरी का माहौल हो गया। लोग पार्क में बैठे थे, कोई पेपर पढ़ रहा था, कोई भजन गा रहा था। पार्क में चायवाला चाय बेच रहा था कि अचानक धमाके की आवाज़ आई। हवाई हमला हो गया। सायरन बजने लगे। दरअसल ये 23 जनवरी को पूरे यूपी में होने वाली मॉकड्रिल का रिहर्सल था।
मॉकड्रिल में यह मानकर रिहर्सल किया गया कि बम से जगह-जगह आग लग गई है। लोग ऊंची बिल्डिंग में फंस गए। एक बिल्डिंग बम के हमले से गिर गई है। एक कार में आग लगने से दरवाजे खुल नहीं रहे। मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस,आपदा प्रबंधन, SDRF, NDRF के लोग शामिल हुए। सिविल डिफेंस के लोगो ने पहले पार्क के घायल लोगों को फर्स्ट एड दी। आग को गीले कम्बल और पानी डालकर बुझाया। ऊंची बिल्डिंग में फंसे लोगों को जाल डालकर बचाया। कार का शीशा तोड़कर ड्राइवर को बाहर निकाला गया।