उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी में शिमला और नैनीताल से ज्यादा ठंड, 28 जिलों में कोहरा; अगले दो दिन पड़गी भीषण सर्दी

यूपी में शिमला और नैनीताल से ज्यादा ठंड, 28 जिलों में कोहरा; अगले दो दिन पड़गी भीषण सर्दी

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में सीजन में पहली बार कड़ाके की ठंड से पारा 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया। बीते 24 घंटे में सुल्तानपुर 4.7°C न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। इसके बाद बाराबंकी में पारा 4.8°C, अयोध्या में 5°C, बरेली में 5.1°C और शाहजहांपुर में पारा 5.5°C रिकॉर्ड किया गया। रविवार सुबह 28 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। ज्यादातर शहरों में धूप नहीं निकली। सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश की तरह पड़ीं। कुछ जगह सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

शनिवार को प्रदेश के 17 जिलों में शिमला (11.8°C) और नैनीताल (9°C) से ज्यादा ठंड रिकॉर्ड की गई। जालौन में शीतलहर को देखते हुए गौशालाओं में हीटर लगवाए गए हैं। अलाव भी जलाए जा रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने लखनऊ, सीतापुर सहित पूरे अवध क्षेत्र के लिए अगले 2 दिन भीषण ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। अधिकतर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

70 से ज्‍यादा ट्रेनें लेट

कोहरे की वजह लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 70 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स लेट हैं। ठंड की वजह से पिछले दिनों से 11 शहरों में स्कूल बंद हैं। लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग भी बदली गई है। सरकार भी अलर्ट मोड पर है। लोगों से अपील की गई है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें। हाईवे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट 60 से 80 के बीच कर दी गई है।

लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आज से यूपी में दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं। इसके असर से दिन के तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़त आएगी। साथ ही कोहरा भी कम हो सकता है।

इन जिलों में बहुत घने कोहरे की संभावना  

कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत. शाहजहांपुर।

अगले तीन दिनों तक मौसम की संभावना

  • 22 दिसंबर- पूर्वी यूपी में घना कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा छाया रह सकता है। मौसम शुष्क रहेगा। कहीं-कही पर बादल भी देखने को मिल सकते हैं।
  • 23 दिसंबर- पूर्वी यूपी में मध्यम कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट रहेगा। दृश्यता शून्य से 100 मी. तक रह सकती है।
  • 24 दिसंबर- पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, कहीं-कहीं पर हल्का कोहरा देखने को मिला है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *