उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया

Brajesh Pathak: अयोध्या में बोले डिप्टी सीएम- यूपी व प. बंगाल में प्रचंड बहुमत से बनेगी बीजेपी सरकार

Brajesh Pathak: अयोध्या में बोले डिप्टी सीएम- यूपी व प. बंगाल में प्रचंड बहुमत से बनेगी बीजेपी सरकार

Brajesh Pathak: रामनगरी अयोध्या में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वी जयंती पखवाड़ा के मौके पर हुआ। इसमें शामिल होने के लिए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे। इस मौके पर डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार में प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बन चुकी है। उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। विपक्ष को लेकर उन्होंने कहा, ये बिहार को लेकर जो मन में लेकर बैठे थे, उस पर पानी गिर गया। उनको पता चल गया है कि बिहार के लोग और उत्तर प्रदेश के लोग एक साथ और एक मन के हैं। वह जाति संप्रदाय और धर्म से ऊपर उठकर पीएम मोदी और एनडीए के साथ हैं।

2027 में यूपी में 2017 वाला इतिहास दोहराया जाएगा

ब्रजेश पाठक ने कहा कि बिहार की जनता का मैं आभार प्रकट करता हूं। उत्तर प्रदेश में भी 2027 में 2017 वाला इतिहास दोहराया जाएगा। 2027 में 325 से अधिक सीट जीतकर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे। अखिलेश यादव के आरोपों पर जवाब देते हुए पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों का गुंडई और अराजकता के अलावा कोई काम नहीं है। उन्होंने कहा कि एक भी मतदाता ने बिहार में शिकायत नहीं दर्ज कराई है। एसआईआर के तहत सूची बनाकर चुनाव आयोग ने जो चुनाव कराया उसके लिए मैं उनका आभार प्रकट करता हूं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी प्रचंड बहुमत की भाजपा की सरकार बनेगी।

अयोध्या में 25 नवंबर को होने वाले ध्वजारोहण को लेकर ब्रजेश पाठक ने कहा कि रामलला का मंदिर बन चुका है और सबसे ऊंची पताका फहराने जा रही है। देश दुनिया में सब चाहते हैं कि अयोध्या सर्वोच्च शिखर पर रहे। डिप्टी सीएम ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आधुनिक भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने उनको इतिहास में आने ही नहीं दिया। अब जब भाजपा सरकार आई है तो सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व को लेकर जन-जन तक भाजपा जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *