बरेली: बरेली जिले के कैंट थाना क्षेत्र में सीमेंट ढुलाई के लिए चल रही अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश ट्रांसपोर्ट यूनियन ने कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार को यूनियन ने एसपी ट्रैफिक को ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के अनुसार, कैंट क्षेत्र में 400 से अधिक अवैध ट्रैक्टर-ट्रालियां सीमेंट ढुलाई कर रही हैं। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशों का उल्लंघन है। यातायात विभाग की मिलीभगत से यह काम हो रहा है।
जिलाध्यक्ष राजकुमार राजपूत और महामंत्री दीपक द्विवेदी ने कहा कि गांव-देहात से ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लाई जा रही हैं। इससे ट्रक संचालन पूरी तरह रुक गया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री से मिलेंगे। ज्ञापन देने वालों में प्रभजीत सिंह, अनिल राजपूत, हेमंत, राजेश, चंद्र प्रकाश शर्मा, राजेंद्र राजपूत, अतुल कुमार, कन्हैयालाल, नन्हे यादव और संतोष सहित अन्य लोग शामिल थे।