लखनऊ में SGPGI के डॉक्टर समेत 3 लोग कोरोना पॉजिटिव, होम आइसोलेशन में चल रहा इलाज

लखनऊ में SGPGI के डॉक्टर समेत 3 लोग कोरोना पॉजिटिव, होम आइसोलेशन में चल रहा इलाज

लखनऊ: लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर में 24 घंटे में तीन नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। संक्रमितों में एसजीपीजीआई (SGPGI) के वरिष्ठ डॉक्टर भी शामिल हैं। 42 साल के पुरुष और 27 साल की महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। तीनों ही संक्रमितों की दिल्ली NCR की ट्रैवल हिस्ट्री है।

SGPGI लखनऊ के क्लीनिकल इम्यूनोलॉजी विभाग के 57 साल के डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 25 मई को वो गाजियाबाद गए थे। लौटने पर उन्हें बुखार के साथ जुकाम की शिकायत हुई। RT-PCR जांच कराने पर उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। होम आइसोलेशन में ही उनका इलाज चल रहा है।

लक्षण दिखने पर कराई जांच

सीएमओ कार्यालय से जारी रिपोर्ट के अनुसार, नए मरीजों में बादशाह नगर के पेपर मिल कॉलोनी निवासी 42 साल के पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनकी दिल्ली की ट्रैवल हिस्ट्री है। उन्हें 5 जून से लगातार बुखार आ रहा है। निजी लैब में जांच कराने के बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल, होम आइसोलेशन में उनका इलाज चल रहा।

गोमती नगर निवासी युवती की रिपोर्ट आई पॉजिटिव

लखनऊ के विनीत खंड गोमतीनगर निवासी 27 साल की युवती की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। युवती की दिल्ली की ट्रैवल हिस्ट्री है। 30 मई से 6 जून तक वो दिल्ली में रही। 6 जून को तेजस ट्रेन से उन्होंने लखनऊ की वापसी की। इस बीच लगातार बुखार और जुकाम जैसे लक्षण थे। जांच के लिए सैंपल देने के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनका भी फिलहाल होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।

इससे पहले लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ चुकी है। राजधानी में अब तक 14 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। इनमें से कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 9 है। वहीं, लखनऊ सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि कोरोना को लेकर अभी कोई पैनिक जैसी स्थिति नहीं है। हालात पूरी तरह से नियंत्रण में है।

Post Comment

You May Have Missed