यूपी पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में बढ़े 29 लाख मतदाता, दो करोड़ नाम काटे गए
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची (Voter List) बुधवार को जारी कर दी गई। तमाम दावों, आपत्तियों के निस्तारण और गहन सत्यापन के बाद इस फाइनल लिस्ट को तैयार किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बार एक बड़ा बदलाव करते हुए हर पंचायत मतदाता को 9 अंकों का एक यूनिक पहचान नंबर जारी किया है। हालांकि, सूची जारी होते ही कई जिलों में वोटर्स को इसे डाउनलोड करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, ऐसा तकनीकी दिक्कतों के चलते हो रहा है।
यूपी में पंचायतों की स्थिति
ग्राम पंचायत- 58,189
क्षेत्र पंचायत- 824
जिला पंचायत- 75
आंकड़े 2021 के परिसीमन के अनुसार हैं।
सोर्स- राज्य निर्वाचन आयोग, उप्र
पंचायत में बढ़े 29 लाख मतदाता
राज्य निर्वाचन आयोग की जारी मतदाता सूची के अनुसार, प्रदेश में अब पंचायत चुनाव के लिए 12 करोड़ 58 लाख 51 हजार 570 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। मतदाता सूची के पुनरीक्षण से पहले 12 करोड़ 29 लाख 50 हजार 52 मतदाता थे। इस तरह से मतदाताओं की संख्या में 29 लाख 1 हजार 518 की वृद्धि हुई है।
वोटर लिस्ट पुनरीक्षण में 2 करोड़ 32 लाख 24 हजार 805 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। वहीं, एक से अधिक जगह नाम शामिल होने, पता बदलने, मतदाता की मृत्यु होने समेत अन्य कारणों से कुल 2 करोड़ 3 लाख 23 हजार 287 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। वहीं, पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के पुनरीक्षण के पहले दौर में 12 करोड़ 69 लाख 69 हजार 610 मतदाता बने थे। लेकिन, दावे आपत्ति के निस्तारण में 11 लाख 18 हजार 840 नाम कट गए।
चुनाव अभी तय नहीं, अगले 6 महीने प्रधान ही संभालेंगे कुर्सी
यूपी में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बीती 26 मई को खत्म हो चुका है। समय पर चुनाव न हो पाने के कारण सरकार ने बड़ा फैसला लिया था। निवर्तमान प्रधानों को ही अगले 6 महीने के लिए प्रशासक के तौर पर जिम्मेदारी सौंप दी है।
सरकार ने पंचायत चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर पिछड़ा वर्ग आयोग भी बनाया है। इस कमिशन को 6 महीने के भीतर जिलावार आर्थिक और सामाजिक स्तर की समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।



Post Comment