आतंकी बाप-बेटे की गोलाबारी में 16 लोगों की मौत, ऑस्ट्रेलियाई पुलिस को शक- पाकिस्तानी मूल के थे दोनों

आतंकी बाप-बेटे की गोलाबारी में 16 लोगों की मौत, ऑस्ट्रेलियाई पुलिस को शक- पाकिस्तानी मूल के थे दोनों

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रविवार (14 दिसंबर) को बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। मरने वालों में एक 10 साल की बच्ची और एक इजराइली नागरिक भी शामिल है। इसके अलावा 45 लोग घायल हैं। पुलिस ने बताया कि बॉन्डी बीच पर हनुक्का फेस्टिवल मना रहे लोगों पर गोलीबारी बाप-बेटे ने की। पुलिस को शक है कि हमलावर पाकिस्तानी मूल के हैं।

पुलिस ने 50 साल के पिता साजिद अकरम को मौके पर ही गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि, 24 साल का बेटा नवीद अकरम अस्पताल में गंभीर हालत में है। वहीं, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार की नीतियों को हमले के लिए जिम्मेदार बताया है। नेतन्याहू के अनुसार, सरकार की नीतियों ने आग में घी डालने का काम किया है।

ऑस्ट्रेलियाई मंत्री बोले- साजिद रेजिडेंट रिटर्न वीजा पर रह रहा था

ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने खुलासा किया है कि साजिद अकरम सन् 1998 में छात्र वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आया था। उसने वेरेना नामक ऑस्ट्रेलियाई महिला से शादी की और अपना वीजा पार्टनर वीजा में बदल लिया। तब से वह रेजिडेंट रिटर्न वीजा पर था। यानी साजिद अकरम के पास ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता नहीं थी। बर्क ने यह नहीं बताया कि अकरम ऑस्ट्रेलिया में कहां से आकर बसा था।

हालांकि, उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें हैं कि वह पाकिस्तान से आया था। अकरम के बेटे नवीद का जन्म साल 2001 में ऑस्ट्रेलिया में हुआ था। वह एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है। नवीद अक्टूबर, 2019 में ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा खुफिया संगठन (ASIO) के जांच के घेरे में आया था। हालांकि, उस समय उनके खिलाफ हिंसा में शामिल होने या किसी भी प्रकार के खतरे का कोई संकेत नहीं मिला था। हमले को लेकर वेरेना ने मीडिया को बताया कि मुझे यकीन नहीं हो रहा है कि उसने कोई आतंकी हमला किया है। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा बहुत अच्छा है। वह कभी गलत संगत में भी नहीं रहा।

लाइसेंसी बंदूक से हमलावर ने की थी गोलीबारी

पुलिस के अनुसार, 50 साल के हमलावर साजिद अकरम के पास लाइसेंसी बंदूक थी, जिसका इस्तेमाल वह शिकार के लिए करते थे। एनएसडब्ल्यू पुलिस कमिश्नर मल लैनयन ने कहा कि साजिद अक्रम एक गन क्लब का सदस्य था और राज्य के कानून के तहत उसके पास लाइसेंस था। साजिद अकरम के पास कानूनी रूप से 6 बंदूकें थी। गोलीबारी के लिए निकलने से पहले बाप-बेटे ने अपने परिवार को कहा था कि वह मछलियां पकड़ने जा रहे हैं। अकरम अपने परिवार के साथ एक किराए के घर में रहता था। हमले के बाद पुलिस ने इस मकान पर छापेमारी की। रिपोर्ट के मुताबिक साजिद अकरम फलों की दुकान चलाता था।

नेतन्याहू बोले- सरकार को पहले ही चेतावनी दी थी

बेंजामिन नेतन्याहू ने बताया कि उन्होंने पहले ही ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को चेताया था कि सरकार की नीतियां देश में यहूदी विरोधी भावना को बढ़ावा दे रही हैं। नेतन्याहू के मुताबिक उन्होंने 17 अगस्त को पत्र लिखकर अल्बनीज को इसकी जानकारी दी थी। नेतन्याहू ने बॉन्डी बीच हमले के बाद कहा कि उन्होंने पहले चेतावनी दी थी, लेकिन सरकार ने कुछ नहीं किया, जिसका नतीजा यह भयानक हमला हुआ। इजराइली प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार की उन नीतियों की आलोचना की है, जिन्हें वे देश में यहूदी-विरोधी (एंटीसेमिटिज्म) भावना बढ़ाने का कारण मानते हैं।

Post Comment

You May Have Missed