बरेली में यूपी बोर्ड के 10 मेधावियों को मिले ई-स्कूटर, कई अन्‍य सौगातों का भी ऐलान

बरेली में यूपी बोर्ड के 10 मेधावियों को मिले ई-स्कूटर, कई अन्‍य सौगातों का भी ऐलान

बरेली: यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में जिले का नाम रोशन करने वाले 10 मेधावी विद्यार्थियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन ने इन मेधावियों को इलेक्ट्रिक स्कूटर दिए हैं। सम्मान समारोह में महापौर डॉ. उमेश गौतम ने मेधावियों के लिए इन्वर्टिस विश्वविद्यालय में मुफ्त प्रवेश दिलाने की घोषणा की।

मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 10 मेधावियों को ई-स्कूटर की चाबी सौंपी। महापौर उमेश गौतम ने इन्वर्टिस विश्वविद्यालय में मुफ्त प्रवेश की घोषणा की। सम्मानित होने वाले हाईस्कूल टॉपरों में वैष्णवी, गुलशन यादव, रजनी सिंह, शिवानी और रश्मि शामिल हैं। इंटरमीडिएट टॉपरों में चमन जहां, नंदिनी गुप्ता, सुरभि यादव, सिमरन मौर्य और खुशी मौर्य शामिल हैं।

छात्राओं के नाम पर बनेगी गांव तक सड़क

सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कार्यक्रम में घोषणा की कि इन मेधावी बेटियों के गांव तक पक्की सड़क बनाई जाएगी और उस सड़क का नाम भी इन्हीं छात्राओं के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे अन्य छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी।

इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में मिलेगी फ्री एजुकेशन

मेयर डॉ. उमेश गौतम ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भविष्य में उनकी पढ़ाई की जो भी फीस होगी, उसे पूरी तरह माफ किया जाएगा और उन्हें शत-प्रतिशत स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि यदि छात्राएं लिंक्डइन (LinkedIn) पर उपलब्ध कोई भी प्रोफेशनल कोर्स करना चाहती हैं, तो उसका पूरा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे।

वहीं, जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि सभी बच्चों ने कठिन मेहनत से बरेली का नाम रोशन किया है। यह ई-स्कूटी आपका इनाम है। आगे बढ़ो, देश का नाम करो।

कार्यक्रम में रही इनकी मौजूदगी

इस सम्मान समारोह में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ. एमपी आर्या, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में डीएम अविनाश सिंह, सीडीओ देवयानी, एडीएम एफआर पूर्णिमा, डीआईओएस अजीत कुमार सिंह और सचिव मुन्ने अली उपस्थित रहे।

Post Comment

You May Have Missed