ऑर्डर करके मंगाया कढ़ाई पनीर तो ग्रेवी में निकली चिकन की हड्डी, होटल हवेली हुआ सील

ऑर्डर करके मंगाया कढ़ाई पनीर तो ग्रेवी में निकली चिकन की हड्डी, होटल हवेली हुआ सील

अमरोहा: जिले में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक होटल से सीनियर पीसीएस अफसर ने पनीर में हड्डी निकलने की शिकायत जिला प्रशासन से की। खाद्य विभाग की टीम के साथ ही एसडीएम मौके पर पहुंच गईं। खाद्य विभाग की टीम ने जांच के लिए सैंपल लिया तो वहीं, सीनियर पीसीएस अफसर उड़ीसा में अपनी ऑब्जर्वर की ड्यूटी के लिए रवाना हो गए। फिलहाल, खाद्य विभाग ने खाने के सैंपल भरने के बाद सीरीज होटल हवेली को सील कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, अमरोहा की औद्योगिक नगरी गजरौला में नेशनल हाइवे 9 पर कई होटल हैं। यहां उत्तराखंड से सीनियर पीसीएस अधिकारी श्रीश कुमार दिल्ली जा रहे थे। वे हाइवे पर स्थित हवेली होटल पर खाना खाने रुके। इस दौरान उन्होंने खाने में पनीर ऑर्डर किया। जब होटल में पनीर परोसा गया तो खाने के दौरान उसमें हड्डी निकली। पनीर में हड्डी देख सीनियर पीसीएस अधिकारी ने तुरंत इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की।

शिकायत मिलते हुए मौके पर पहुंचे एसडीएम

शिकायत मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंच गई, साथ ही खाद्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर सैंपल भरने लगी। पीसीएस अधिकारी को उड़ीसा में काउंटिंग में ऑब्जर्वर बनाया गया है। उन्हें दिल्ली से फ्लाइट पकड़कर 2 जून को उड़ीसा पहुंचना था। मामले की शिकायत करने के बाद वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

इस मामले में जिला खाद्य अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि उड़ीसा के ऑब्जर्वर अपने बेटे के साथ जा रहे थे। उन्होंने जब रुककर यहां भोजन किया और खाने के लिए कढ़ाई पनीर की सब्जी मंगाई तो सब्जी में नॉनवेज देखा। इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की, जिसकी सूचना हमें मिली। प्रथम दृष्टया हमने पाया कि उसमें नॉनवेज था। उसका सैंपल हमने ले लिया है। यहां सब्जी बनाने में दो तरह की ग्रेवी इस्तेमाल की गई है। उसके अलावा जो प्रथम दृष्टया नॉनवेज पाया गया है, उसको भी हमने सील करके लैबोरेट्री भेज दिया है।

Post Comment

You May Have Missed