उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी में कड़ाके की सर्दी की चेतावनी, 20 दिसंबर तक घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

यूपी में कड़ाके की सर्दी की चेतावनी, 20 दिसंबर तक घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 20 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही इन इलाकों में संभावित शीत दिवस की भी चेतावनी जारी की गई है। संभावना जताई गई है कि 20 दिसंबर तक प्रदेश में लगभग ऐसा ही मौसम रहने वाला है। इससे पहले बुधवार को लखनऊ, बरेली, गोरखपुर, कुशीनगर और कानपुर में घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य रही। वहीं, बहराइच, हरदोई, शाहजहांपुर आदि में दृश्यता 30 मीटर तक सिमट गई।

प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री, जबकि कुछ स्थानों पर 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। राज्‍य के अधिकतर हिस्से में घने कोहरे के साथ चुभती हुई ठंडी पछुआ हवाएं चलीं और दिन के पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। कई जिलों में दिन का पारा सामान्य से काफी नीचे लुढ़क गया। इससे ठिठुरन और गलन बढ़ गई। लोगों को दिन में ही अलाव का सहारा लेना पड़ा।

20 दिसंबर तक ऐसा ही रहेगा मौसम

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिम भारत और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात तथा ऊपरी हवा के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। निचले वायुमंडल में व्युत्क्रम परत बनने से दिन के अधिकांश समय दृश्यता कम रही। 20 दिसंबर तक कमोबेश ऐसा ही माैसम रहने वाला है।

  • 18 दिसंबर- पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कोहरा रहेगा। दृश्यता 100 मीटर तक रह सकती है। सर्द हवाओं से गलन बरकरार रहेगी।
  • 19 दिसंबर- पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा पड़ सकता है। पूर्वी यूपी में भीषण कोहरा देखने को मिल सकता है। दृश्यता शून्य से 100 मी. तक रह सकती है।
  • 20 दिसंबर- पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कोहरा रहेगा। दृश्यता 0 से 100 मीटर तक रह सकती है। कहीं-कही पर बादल भी देखने को मिल सकते हैं।

इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर में घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

कोहरे-ठंड को लेकर सीएम योगी ने अफसरों को दिए निर्देश

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोहरे और ठंड को लेकर प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने मंडलायुक्त, आईजी, डीएम, पुलिस, ट्रैफिक और नगर निकाय अधिकारियों से कहा कि जनजीवन, यातायात और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उच्चस्तरीय बैठक में सीएम ने हाईवे व एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सतर्कता, क्रेन व एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रखने और टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से कोहरे की चेतावनी देने के निर्देश दिए।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *