उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

राजस्थान-गुजरात और महाराष्‍ट्र लू की चपेट में, UP समेत 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान-गुजरात और महाराष्‍ट्र लू की चपेट में, UP समेत 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट

नई दिल्‍ली: होली के पहले ही महाराष्‍ट्र, गुजरात और राजस्थान के कई इलाके लू की चपेट में हैं। गुजरात-राजस्थान के एक दर्जन से ज्‍यादा शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। गुजरात, महाराष्ट्र व राजस्थान के 17 शहरों में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज हुआ। महज 3 साल के अंदर यह दूसरा मौका है जब लू का दौर मार्च के पहले पखवाड़े में आ गया है। 2022 में भी लू का पहला दौर गुजरात में 11 से 19 मार्च के बीच महसूस किया गया था। हालांकि, उस वर्ष होली 8 मार्च को थी।

इस बार होली के दिन उत्तर-पश्चिमी भारत में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुजरात, उससे लगे राजस्थान और पश्चिमी तट के कोंकण इलाके में गुरुवार से तापमान में कमी की संभावना है, लेकिन लू का दौर जारी रहेगा। महाराष्ट्र के विदर्भ में 13-14 मार्च को ओडिशा में 13 से 16 मार्च के दौरान, झारखंड में 14-16 मार्च और गंगा से लगे पश्चिम बंगाल में 18 मार्च को भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मप्र में भी अगले हफ्ते में लू चलने की संभावना है।

20 राज्यों में बारिश का अलर्ट

देश के 20 राज्यों में गुरुवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश भी शामिल हैं। राजस्थान के 14 जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। देश के दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में दो दिन से बारिश जारी है। केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के समुद्री तटों के आसपास 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा असम और मेघालय में भी 15 मार्च तक और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 मार्च तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *