नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को देश के 31 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 27 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं, उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र (मध्य), केरल में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के सोनप्रयाग में शुक्रवार देर रात तेज बारिश के चलते लैंडस्लाइड हुई। इस वजह से केदारनाथ हाईवे बंद हो गया है। रास्ते से मलबे को हटाने का काम जारी है। पुलिस ने यात्रियों को कुछ दूर पहले सुरक्षित स्थान पर ही रोक लिया है।
राजस्थान के 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
राजस्थान के 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। शुक्रवार को जैसलमेर, जयपुर, सीकर, अलवर समेत 25 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई। वहीं, बिजली गिरने से बूंदी में एक युवक और महिला, सिरोही में बच्चे और डूंगरपुर में युवक की मौत हो गई।
महाराष्ट्र में तेज बारिश जारी है। मुंबई में समुद्र में हाई टाइड उठ रहा है। इस वजह से समुद्र किनारे की सड़कों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, महाराष्ट्र के चंद्रपुर का ताड़ोबा अंधारी टाइगर रिजर्व (TATR) का मेन एरिया मानसून की वजह से 1 जुलाई से तीन महीने के लिए पर्यटकों के लिए बंद किया गया है।
कई राज्यों में लैंडस्लाइड की खबरें
त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, असम (दक्षिण) में रेलवे लाइन पर कई जगहों पर तेज बारिश के चलते लैंडस्लाइड हुई है। इस वजह से शुक्रवार को लगातार पांचवे दिन ट्रेन सर्विस बाधित रही। वहीं, केरल में इडुक्की जिले का मुल्लापेरियार बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जो 135.35 फीट हो गया है और जल्द ही 136 फीट के खतरे के निशान को छू सकता है।
इन राज्यों में ज्यादा बारिश
केरल, दादरा एंड नगर हवेली और दमन एंड दीव (UT), गुजरात और मध्य प्रदेश में ज्यादा बारिश हुई है।
मध्यम बारिश
असम, नगालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, अंडमान एवं निकोबार, कर्नाटक और लक्षद्वीप।
कम बारिश
अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कम बारिश हुई है।
29 जून के मौसम का अनुमान
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की औपचारिक शुरुआत होने की संभावना है। हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है, जिससे तापमान में कमी आएगी। उत्तर प्रदेश में तेज से बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने और लैंडस्लाइड की चेतावनी है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश जारी रहेगी। बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात में भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक, केरल, गोवा, कर्नाटक, केरल में तेज बारिश होगी।