उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट, 28 जिलों में आंधी-बारिश के साथ गिरे थे ओले

यूपी के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट, 28 जिलों में आंधी-बारिश के साथ गिरे थे ओले

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में मौसम का उलटफेर जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी प्रदेश के 27 जिलों में बारिश होगी। साथ ही कई जिलों में बिजली के साथ ओले भी गिरने की आशंका है। आज सुबह पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल छाए हैं। 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल रहीं है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी तीन दिन यानी 17 अप्रैल तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। राज्‍य के अलग-अलग हिस्से में पिछले 4 दिनों से हो रही बारिश के बाद अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। रविवार को झांसी सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। झांसी का पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं, रात में बांदा सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम पारा 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रविवार को 28 जिलों में हुई बारिश

एक दिन पहले यानी रविवार के मौसम की बात करें तो प्रदेश के 28 जिलों में बारिश हुई। इस बेमौसम बारिश से फसल चौपट हो गई। कौशांबी में किसान अपने खेत से गेहूं की फसल समेटते हुए रोता रहा। लखनऊ में धूल भरी आंधी चली। बारिश की संभावना को देखते हुए इकाना स्टेडियम की पिच तिरपाल से ढक दी गई है।

क्यों बदला मौसम?

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदला है। पश्चिम से आ रही हवाओं में काफी मात्रा में नमी है। प्रदेश में लो प्रेशर एरिया (निम्न दबाव) बन रहा है। इसके चलते बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम हो जाएगी। पहाड़ों से आ रहे सर्द हवाओं के कारण शाम के तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि, आने वाले दिनों में गर्मी से बहुत ज्यादा राहत के आसार नहीं हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *