अयोध्या राम मंदिर से सात करोड़ की चोरी का दावा, अखिलेश यादव बोले- सरकार की चुप्पी संदिग्ध

अयोध्या राम मंदिर से सात करोड़ की चोरी का दावा, अखिलेश यादव बोले- सरकार की चुप्पी संदिग्ध

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का दावा है कि अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपये का चढ़ावा गायब हो गया है। उन्होंने रविवार (07 जून) को सोशल मीडिया X पोस्ट कर लिखा- ‘पूरी दुनिया में भगवान राम के उपासकों के लिए ये एक बेहद संवेदनशील खबर है। राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों रुपये की रकम गायब मिली है।’

अखिलेश यादव ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और सरकार को भी घेरा है। लिखा- ‘करोड़ों रुपये गायब होना मंदिर ट्रस्ट के लिए अत्यंत शर्मनाक स्थिति है। कोई भी सफाई देने के लिए सामने नहीं आना चाहता है।’ उन्‍होंने कोर्ट से स्वत: संज्ञान लेने की मांग की है, क्योंकि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनानती समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है। सरकार की चुप्पी संदिग्ध है।

पूर्व मंत्री का दावा- साढ़े 7 करोड़ रुपये की चोरी की गई

अयोध्या के पूर्व विधायक पवन पांडेय सपा सरकार में वन और मनोरंजन कर राज्य मंत्री रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में उनका दावा है कि राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी 5 से 7.50 करोड़ रुपये तक हो सकती है।

उन्‍होंने कहा कि अगर चोरी नहीं हुई है तो ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय सामने आएं और प्रभु श्रीराम की कसम खाकर कहें कि सबकुछ झूठ है। अगर बात सच है तो एफआईआर करवाएं। उन्होंने कहा, अभी ये स्पष्ट नहीं है कि ये चोरी कितने समय से हो रही थी। ट्रस्ट के किन-किन सदस्यों तक ये पैसा गया है, इसकी भी जांच होनी चाहिए।

राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती की व्यवस्था

राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती बैंक कर्मचारी ट्रस्ट के लोगों की मौजूदगी में करते हैं। यह काम सीसीटीवी की निगरानी में होता है। दान की रकम को रजिस्टर पर चढ़ाया जाता है। फिर उसे राम मंदिर परिसर में ही बने लॉकर में रख दिया जाता है। अगले दिन रुपए बैंक में जमा कर दिए जाते हैं।

ट्रस्ट का मुख्य खाता अयोध्या धाम के भारतीय स्टेट बैंक में है। चढ़ावे की रकम के ऑडिट का पूरा काम टीसीएस (टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज) की निगरानी में किया जाता है। राम मंदिर में चढ़ावा कितना आता है। इसकी जानकारी ट्रस्ट की बैठक में ही दी जाती है। आखिरी बार दिसंबर, 2025 में चढ़ावे की जानकारी दी गई थी।

मंदिर पर 2,475 करोड़ रुपये खर्च

13 दिसंबर, 2025 को मंदिर ट्रस्ट की बैठक में जानकारी सामने आई थी कि अब तक ट्रस्ट को कुल 4,575 करोड़ रुपये मिले हैं। पिछले 5 साल 9 महीने में मंदिर निर्माण, श्रीराम जन्मभूमि परिसर के विस्तार, जमीन और भवन की खरीद सहित अन्य कई कामों पर 2,475 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। तब ट्रस्ट के पास लगभग 2100 करोड़ रुपये बचे थे।

Post Comment

You May Have Missed