पटना: बिहार की नई सरकार के गठन का खाका दिल्ली में तैयार हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) दोनों ही सरकार में बराबर की भागीदारी चाहते हैं, जिसको लेकर भी मंत्रणा चल रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा ने मंगलवार को यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके अलावा, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को सह पर्यवेक्षक बनाया गया है। इसके लिए उप मुख्यमंत्री मौर्य ने ट्वीट करके हुए आभार जताया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने दी जानकारी
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की संसदीय बोर्ड ने बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार (19 नवंबर) को पटना आ रहे हैं। पटना पहुंचते ही वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने सीएम आवास जाएंगे। दोनों नेताओं के बीच सरकार गठन को लेकर अहम बातचीत होगी। इसके बाद 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में शपथ समारोह होगा। शपथ समारोह को लेकर चल रही तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गांधी मैदान पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।