नई दिल्ली: मई में भारत के अधिकतर हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के डायरेक्ट मृत्युंजय महापात्र के अनुसार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में लू के दिनों की संख्या सामान्य से चार दिन ज्यादा रहने का अनुमान है।
उधर, राजस्थान के बाड़मेर में गर्मी ने अप्रैल का 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां बुधवार को दिन का तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले 29 अप्रैल 2014 को 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। मध्य प्रदेश में भी मई महीने में तेज गर्मी पड़ने का ट्रेंड है।
पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजस्थान और उत्तर प्रदेश बॉर्डर से जुड़े जिलों में तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच चुका है। इस बार भी ऐसी ही गर्मी पड़ सकती है। देश में अप्रैल में 72 हीटवेव दिन दर्ज किए गए। राजस्थान और गुजरात में 6 से 11 दिन और पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 4 से 6 दिन तक लू चली। आमतौर पर यहां दो से तीन दिन हीटवेव के होते हैं।
हीटवेव के दिन गिनने का अलग तरीका
भारत के लिए साल 2024 सबसे ज्यादा गर्म सालों में से एक रहा था। बीते साल देश में 554 दिन हीटवेव का असर रहा था। साल में 365 दिन होते हैं, लेकिन हीटवेव के लिए इन्हें गिनने का अलग तरीका है। मान लीजिए किसी महीने दिल्ली में 10 दिन, राजस्थान में 15 दिन, UP में 12 दिन और बिहार में 8 दिन हीट वेव रही, तो हीट वेव डे 45 (10+15+12+8) माने जाएंगे।
यानी उस महीने इन चार राज्यों में हीट वेव की कुल घटनाएं 45 हैं, न कि एक महीने में 45 दिन हीट वेव रही। ऐसे ही 2024 में 554 हीट वेव डे से मतलब देश में हीट वेव की कुल घटनाओं से है, न कि कैलेंडर के दिनों से।
किस दिन को माना जाता है हीटवेव?
मैदानी, पहाड़ी और तटीय इलाकों के लिए हीटवेव की स्थिति तय करने का आधार अलग होता है। किसी दिन हीटवेव का असर तब माना जाता है, जब उस दिनों के मौसम का तापमान सामान्य से 5°C ज्यादा हो या…
पहाड़ी इलाका- अधिकतम तापमान 30°C से ऊपर हो।
तटीय इलाका- अधिकतम तापमान 37°C से ऊपर हो।
मैदानी इलाका- अधिकतम तापमान 40°C से ऊपर हो।
अगर तापमान सामान्य से 6.5°C या उससे ज्यादा बढ़ जाए तो उसे गंभीर हीटवेव माना जाता है। मौसम विभाग ने इस साल देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान लगाया है।
अगले 3 दिनों का मौसम अपडेट
2 मई- उत्तर-पश्चिम भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो सकता है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में धूल भरी आंधियां चल सकती हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में ओले गिर सकते हैं। ओडिशा, बिहार, अरुणाचल, तेलंगाना और केरल में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट है।
3 मई- 3 मई- राजस्थान में धूल भर आंधी चलेगी। मध्यप्रदेश में ओले गिर सकते हैं। तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र, केरल, रायलसीमा, अरुणाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। यूपी, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, बिहार, गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट है।
4 मई- राजस्थान में धूल भर आंधी चलेगी। मध्यप्रदेश में ओले गिर सकते हैं। तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, रायलसीमा, अरुणाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, विदर्भ, कर्नाटक में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि यूपी, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, बिहार, गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट है।