उत्तर प्रदेश, राजनीति

महंगाई के खिलाफ 14 मार्च को यूपी भर में कलेक्ट्रेट घेराव करेगी आम आदमी पार्टी

महंगाई के खिलाफ 14 मार्च को यूपी भर में कलेक्ट्रेट घेराव करेगी आम आदमी पार्टी

लखनऊ: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलत आर्थिक और विदेश नीति के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और इसका सबसे बड़ा बोझ देश के गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में की गई भारी बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। इसी बढ़ती महंगाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश द्वारा 14 मार्च को प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्ट्रेट पर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्‍होंने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है कि आज रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं और आम आदमी अपनी रसोई चलाने को लेकर परेशान है। उन्होंने कहा कि एक ओर देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार चुप बैठी हुई है। सरकार की विदेश नीति इतनी कमजोर हो चुकी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के दबाव और डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों के आगे खामोश दिखाई दे रहे हैं और इसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

मोदी सरकार को जनता की परेशानियों से लेना-देना नहीं

संजय सिंह ने कहा कि पहले गैस सिलेंडर के दामों में भारी वृद्धि की गई और अब देश के लोगों को यह डर सता रहा है कि कहीं पेट्रोल और डीजल के दामों में भी फिर से बढ़ोतरी न कर दी जाए। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। गरीब और मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है, लेकिन मोदी सरकार को जनता की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है।

उन्‍होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठा रही है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश 14 मार्च को प्रदेश के सभी जिलों में जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल होकर जनता की आवाज बुलंद करेंगे।

संजय सिंह की जनता से अपील

आप सांसद ने पार्टी के सभी साथियों और आम जनता से अपील की कि वे अपने-अपने जिलों में आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। संजय सिंह ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाती और जनता को राहत नहीं देती, तब तक आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *