उत्तर प्रदेश
राजनीति
BJP government, CM Yogi, eight years of UP BJP government, eight years of UP government, eight years of Yogi government, UP Government, UP News, UP Politics, Yogi Adityanath, Yogi Government, भाजपा सरकार, यूपी भाजपा सरकार के आठ साल, यूपी सरकार, यूपी सरकार के आठ साल, योगी आदित्यनाथ, योगी सरकार, योगी सरकार के आठ साल, सीएम योगी
Shailendra Singh
0 Comments
UP में योगी सरकार के आठ साल पूरे, सीएम ने खुद गिनाईं उपलब्धियां और जारी की डॉक्यूमेंट्री
UP News: उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के आठ साल पूरे हो चुके हैं। इस अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक प्रेस वार्ता आयोजित की। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक पुस्तिका का विमोचन किया और ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन नीति’ पर केंद्रित एक डॉक्यूमेंट्री जारी की। सीएम ने आमजनता का समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने बीते आठ वर्षों में किसानों, बेरोजगारों और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आठ वर्ष पहले यूपी को बीमारू राज्य माना जाता था, लेकिन आज प्रदेश एक आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले किसानों की आत्महत्याएं आम थीं, लेकिन उनकी सरकार ने तकनीकी के माध्यम से किसानों को समृद्ध बनाने पर जोर दिया। परिणामस्वरूप प्रदेश की जीडीपी में 28% की वृद्धि दर्ज की गई है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत करोड़ों रुपये सीधे उनके खातों में भेजे गए हैं।
चीनी मिलों का पुनरुद्धार, कृषि क्षेत्र में विकास
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने पिछली सरकारों की तरह चीनी मिलें बंद करने के बजाय छह नई मिलों की स्थापना की। इसके अलावा, प्रदेश में सिंचाई व्यवस्था को व्यापक रूप से सुधारते हुए कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि विश्वविद्यालयों की स्थापना की गई, जिससे दलहनी, तिलहनी और अन्य फसलों के उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने आगे बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 177 लाख लीटर एथेनॉल का उत्पादन हो रहा है। साथ ही, 14 लाख निजी नलकूपों को निःशुल्क बिजली की सुविधा प्रदान कर किसानों को समृद्ध बनाया गया है। सरकार ने 2023-24 में गेहूं खरीद के लिए पहले की तुलना में ढाई गुना अधिक राशि खर्च की, जबकि धान की खरीद में 2017-2024 के बीच पांच गुना अधिक मूल्य किसानों को डीबीटी के माध्यम से दिया गया।
प्रदेश में कानून का राज, अपराध पर लगाम
सूबे के मुखिया ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी। हर दूसरे-तीसरे दिन दंगे होते थे, लेकिन अब कानून का राज स्थापित हो गया है। उन्होंने कुंभ मेले का उदाहरण देते हुए कहा कि इतने बड़े आयोजन के बावजूद कोई अप्रिय घटना नहीं घटी।
सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया से एक लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती की है और हाल ही में 60 हजार और पुलिस कर्मियों की भर्ती पूरी हुई है। 2017 से पहले प्रदेश के 10 जिलों में पुलिस लाइन तक नहीं थी, लेकिन अब या तो निर्माण कार्य पूरा हो चुका है या कार्य प्रगति पर है। पीआरवी 112 का रिस्पांस टाइम पहले 15 मिनट से अधिक था, जिसे घटाकर सात मिनट तक लाया गया है।
महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े कदम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। हाल ही में संपन्न पुलिस भर्ती में 12 हजार से अधिक महिलाओं को शामिल किया गया। बेटी के जन्म से स्नातक तक की शिक्षा के लिए 25 हजार रुपये की सहायता योजना के तहत हजारों बेटियों को लाभान्वित किया गया है। अब तक 4.76 लाख से अधिक सामूहिक विवाह संपन्न कराए जा चुके हैं, और एक करोड़ से अधिक महिलाओं को घरौनी (गृह स्वामित्व प्रमाणपत्र) दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश का युवा अपनी पहचान को लेकर असमंजस में रहता था, लेकिन अब उसे सम्मानपूर्वक पहचाना जाता है। 2017 में जहां बेरोजगारी दर 19% से अधिक थी, वह अब घटकर 3% रह गई है।
भाजपा मना रही उत्सव
गौरतलब है कि योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर यूपी भाजपा उत्सव मना रही है। इसकी शुरुआत सोमवार से हो गई। यह उत्सव 14 अप्रैल तक मनाया जाएगा। इसके तहत भाजपा प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियों के साथ जनसंवाद करेगी। इस क्रम में जिला स्तर पर कार्यशालाएं होंगी।



Post Comment