गगनयान की जानकारी पाकिस्तानी एजेंट को देने वाला गिरफ्तार, UP ATS ने आगरा से पकड़ा

गगनयान की जानकारी पाकिस्तानी एजेंट को देने वाला गिरफ्तार, UP ATS ने आगरा से पकड़ा

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (UP ATS) ने आगरा से आईएसआई एजेंट को गिरफ्तार किया है। रवींद्र कुमार पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था। वह फिरोजाबाद के हजरतपुर की आर्डिनेंस फैक्ट्री में चार्जमैन के पद पर तैनात है। रवींद्र पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाले सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी दे रहा था।

रवींद्र कुमार, आईएसआई (ISI) के बिछाए हुए हनी ट्रैप के जाल में फंस गया। वह काफी समय से खुफिया सूचनाएं लीक कर रहा था। एटीएस को इसके पास से कई अहम पुख्ता सबूत मिले हैं। वह आगरा का निवासी है। मूल रूप से मध्य प्रदेश के शिवपुरी का रहने वाला है।

फेसबुक से ISI के हनीट्रैप में फंसा रवींद्र

रवींद्र कुमार फेसबुक के जरिए नेहा शर्मा नाम की महिला के संपर्क में आया। वह ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की गोपनीय दस्तावेज ISI के लिए काम करने वाली महिला को भेज रहा था। ATS को उसके मोबाइल से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की अहम डेली रिपोर्ट मिली है, जिसमें ड्रोन, गगनयान प्रोजेक्ट व अन्य गोपनीय जानकारी/ स्क्रीनिंग कमेटी का कॉन्फिडेंशियल लेटर मिला है। एडीजी ATS नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि नेहा शर्मा नाम की आईडी पाकिस्तान से ऑपरेट हो रही थी। रवींद्र की गिरफ्तारी की सूचना उसकी पत्नी आरती को भी दी गई है।

नेहा ने ऐसे जाल में फंसाया

रवींद्र ने बताया कि बीते साल जून-जुलाई में फेसबुक से नेहा शर्मा नाम की एक लड़की से दोस्ती हुई। पहले हम दोनों फेसबुक के मैसेंजर एप से बात करते थे। धीरे-धीरे मेरी नेहा शर्मा से प्यार मोहब्बत की बातें होने लगी थीं। बाद में नेहा ने अपने वॉट्सऐप नंबर शेयर किया। फिर हमारी वॉट्सऐप से बात होने लगी। नेहा ने कहा कि वो भारत के विदेश व रक्षा मंत्रालय की अहम गोपनीय सूचनाओं को इकट्ठा कर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को शेयर करती है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इसका प्रयोग भारत सरकार के खिलाफ करती है।

नेहा ने कहा कि उसे इस काम के बदले में अच्छा पैसा मिलता है। अगर तुम मेरे साथ मिलकर काम करोगे तो मालामाल कर दूंगी। इसके बाद मैं लालच में आ गया। मैंने अपने ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की कई महत्वपूर्ण और गोपनीय जानकारी नेहा शर्मा को भेजीं। रवींद्र के मुताबिक, वह दस्तावेज और इनपुट भेजने के बाद उसे फोन से डिलीट कर देता था।

गगनयान दुनिया का चौथा स्पेस प्रोजेक्ट

एडीजी नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि रवींद्र जिस आर्डिनेंस फैक्ट्री में काम करता है, वह गगनयान प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। गगनयान भारत का स्पेस कार्यक्रम का प्रोजेक्ट है। ऐसा करने वाला भारत चौथा देश बनने की राह पर है। इससे पहले अमेरिका, रूस और चाइना अपने-अपने स्पेस प्रोजेक्ट चला रहे हैं। रवींद्र ने गगनयान से जुड़ी जानकारियां भी साझा की हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है।

Post Comment

You May Have Missed