देश के 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट, UP के तीन जिलों में हुई ओले की बरसात
नई दिल्ली/लखनऊ: मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार (21 फरवरी) को 13 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है। मध्यप्रदेश में शुक्रवार से दिन-रात का पारा फिर से लुढ़केगा। मौसम विभाग ने तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना जताई है। राजस्थान में आंधी-बारिश के बाद हल्की सर्दी बढ़ गई।
ओडिशा में अगले तीन दिन यानी रविवार तक भारी बारिश की चेतावनी है। कई जिलों में फसलों को नुकसान भी पहुंच सकता है। इसके चलते राज्य सरकार ने 25 जिलों में अलर्ट जारी किया है। कश्मीर में बर्फबारी के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद कर दिया गया। इससे करीब 300 वाहन फंस गए। नचिलाना, शेरबीबी और बनिहाल-काजीगुंड फोर लेन टनल में फंसे वाहनों को निकाला जा रहा है। हाईवे पर ट्रैफिक सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं।
मेरठ-हापुड़ और बुलंदशहर में गिरे ओले
वहीं, उत्तर प्रदेश के मेरठ और हापुड़ में गुरुवार देर रात करीब आधे घंटे तक ओले गिरे। जबकि, बुलंदशहर में आज सुबह तड़के बारिश के साथ ओले गिरे। वहीं, गाजियाबाद, सहारनपुर, उन्नाव समेत यूपी के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से बारिश हो रही है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन कारणों से बदला मौसम
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में अचानक बदलाव आया है। यूपी के कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। 24 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके बाद मौसम में बदलाव होगा। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन बाद मौसम साफ होने की संभावना है। दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। प्रदेश के 35 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है।
इन जिलों में बारिश होने का अलर्ट
मौसम विभाग ने गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बाराबंकी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आसपास के इलाकों में आज बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
24 फरवरी से फिर बढ़ेगी गर्मी
वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ 22 फरवरी की दोपहर तक सक्रिय रहेगा। 24 फरवरी के बाद गर्मी फिर से बढ़ेगी तापमान में इजाफा होगा।



Post Comment