उत्तर प्रदेश
Gorakhpur News, Institute of Technology and Management, ITM GIDA, ITM GIDA Gorakhpur, Smart Electric Scooter, Smart Police Electric Scooter, UP News, UP Police, आईटीएम गीडा, आईटीएम गीडा गोरखपुर, इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, यूपी पुलिस, स्मार्ट इलेक्ट्रिक स्कूटर, स्मार्ट पुलिस इलेक्ट्रिक स्कूटर
Shailendra Singh
0 Comments
ITM गीडा की छात्राओं ने बनाया ‘स्मार्ट पुलिस इलेक्ट्रिक स्कूटर’, फायदे भी हैं शानदार
गोरखपुर: गोरखपुर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम) गीडा के स्टूडेंट्स ने एक ऐसा स्मार्ट इलेक्ट्रिक स्कूटर तैयार किया है, जो पुलिस की सुरक्षा और पेट्रोलिंग के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। आईटीएम गीडा की बीसीए द्वितीय वर्ष की चार छात्राओं आरुषि श्रीवास्तव, अंकिता राय, ऋतिका तिवारी और यशिका सिंह ने कॉलेज के इनोवेशन सेल की मदद से ‘स्मार्ट पुलिस इलेक्ट्रिक स्कूटर’ तैयार किया है।
छात्रा अंकिता राय के मुताबिक, यह स्कूटर बहुत कम लागत में तैयार किया गया है, जो पुलिस की सुरक्षा और पेट्रोलिंग के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। पुलिस को अक्सर सुनसान इलाकों से गुजरना पड़ता है, जहां उनके अपराधियों के हमले का शिकार होने की संभावनाएं रहती हैं। ऐसे में यह स्कूटर उनकी सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में मददगार होगा। छात्रा आरुषि श्रीवास्तव ने बताया कि यह स्कूटर सिर्फ पांच घंटे की चार्जिंग में 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लगभग 55 किमी तक चल सकता है।
दंगों-उपद्रवियों को नियंत्रित करने में निभा सकता है भूमिका
इस स्मार्ट इलेक्ट्रिक स्कूटर को चार पुलिस चौकियों और थानों से जोड़ा जा सकता है। इस स्कूटर में इलेक्ट्रॉनिक गन लगी है, जो रबर की गोलियों और लाल-हरी मिर्ची के कैप्सूल फायर करने में सक्षम है। यह दंगों और उपद्रवियों को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। छात्रा ऋतिका तिवारी ने बताया कि इसमें हाई-टेक कैमरे भी लगे हैं, जो सड़कों पर निगरानी और असामाजिक तत्वों की पहचान में सहायक होंगे। इसके अलावा इसमें मेडिकल बॉक्स भी उपलब्ध है, जिससे किसी सड़क दुर्घटना के समय प्राथमिक उपचार में मदद मिलेगी।
आईटीएम गीडा की इन छात्राओं ने ‘महिला अंतरराष्ट्रीय विज्ञान दिवस’ के अवसर पर अपने ‘स्मार्ट पुलिस इलेक्ट्रिक स्कूटर’ का प्रदर्शन किया। छात्रा यशिका सिंह के मुताबिक, इस स्कूटर को तैयार करने में लगभग 90,000 रुपये का खर्च आया है। इसके निर्माण में 250वाट व्हील ड्राइव मोटर, 10-इंच व्हील्स, जीपीएस ट्रैकर, इलेक्ट्रॉनिक गन बैरल (20एमएम), रिमोट ट्रिगर और लाइव कैमरा जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है।

संस्थान निदेशक व शिक्षकों ने जाहिर की प्रसन्नता
संस्थान के निदेशक एन.के. सिंह ने बताया कि संस्थान का इनोवेशन सेल लगातार नए-नए शोध कार्य करता रहता है। इस बार छात्राओं ने नवाचार और अनुसंधान में विशेष योगदान दिया है। उन्होंने देश-प्रदेश की पुलिस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह ‘स्मार्ट पुलिस इलेक्ट्रिक स्कूटर’ तैयार किया है। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया, संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल सहित सभी शिक्षकों ने बधाई देते हुए खुशी जाहिर की।



Post Comment