दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग कल, जानें पार्टी और प्रत्‍याशियों से जुड़ी बातें   

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग कल, जानें पार्टी और प्रत्‍याशियों से जुड़ी बातें   

नई दिल्ली: दिल्‍ली विधानसभा की 70 सीटों पर बुधवार (5 फरवरी) को एक ही चरण में मतदान किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में INDIA ब्लॉक का हिस्सा रहीं पार्टियां दिल्‍ली में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं। इनमें आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर आमने-सामने हैं। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) ने छह, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया- मार्कसिस्ट (CPM) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया- मार्कसिस्ट लेनेनिस्ट (CPI-ML) ने दो-दो प्रत्याशी उतारे हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने 68 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और दो सीटें सहयोगी पार्टियों को दी हैं। इसमें जनता दल- यूनाइटेड (JDU) ने बुराड़ी और लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (LJP-R) ने देवली सीट से प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं, महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने भाजपा के खिलाफ 30 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं।

आठ फरवरी को आएंगे दिल्‍ली चुनाव के परिणाम

उधर, शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने सभी सीटों पर भाजपा के समर्थन की घोषणा की है। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (BSP) 70 और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) 12 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आएंगे।

दिल्‍ली के 19% उम्मीदवार दागी

चुनाव आयोग के अनुसार, निर्दलीय सहित विभिन्न पार्टियों के कुल 699 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) ने इन सभी उम्मीदवारों के हलफनामों की जांच करके एक रिपोर्ट तैयार की है। इसके मुताबिक करीब 19 फीसदी यानी 132 उम्मीदवार आपराधिक छवि के हैं। इनमें से 81 पर हत्या, किडनैपिंग, बलात्कार जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। 13 उम्मीदवार महिलाओं के खिलाफ अपराधों के आरोपी हैं। आपराधिक छवि वालों में सबसे ज्‍यादा 44 उम्‍मीदवार आप, 29 कांग्रेस और 20 प्रत्‍याशी भाजपा के हैं।

5 उम्मीदवारों के पास 100 करोड़ से ज्यादा संपत्ति

इसके अलावा ADR के अनुसार, पांच उम्मीदवारों के पास 100 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा की संपत्ति है। इसमें तीन भाजपा के जबकि एक-एक कांग्रेस और AAP का है। भाजपा उम्मीदवारों की औसत संपत्ति करीब 22.90 करोड़ रुपये है। वहीं, तीन उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है।

उम्र और शिक्षा

इसके अलावा करीब 28% यानी 196 उम्मीदवारों ने अपनी उम्र 25 से 40 साल के बीच बताई है। 106 (15%) की उम्र 61 से 80 साल के बीच, जबकि तीन की उम्र 80 साल से ज्यादा है। सभी 699 उम्मीदवारों में 96 महिलाएं हैं, जो करीब 14% होता है। प्रत्याशियों के एजुकेशन क्वालिफिकेशन की बात करें तो 46% ने अपने आपको 5वीं से 12वीं के बीच घोषित किया है। 18 उम्मीदवारों ने खुद को डिप्लोमा धारक, 6 ने साक्षर और 29 ने असाक्षर बताया है।

Post Comment

You May Have Missed