महाकुंभ भगदड़ का मामला मानवाधिकार आयोग में दर्ज, CM Yogi बोले- हालात नियंत्रण में, अफवाह पर ध्यान न दें

महाकुंभ भगदड़ का मामला मानवाधिकार आयोग में दर्ज, CM Yogi बोले- हालात नियंत्रण में, अफवाह पर ध्यान न दें

लखनऊ/प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में भगदड़ से लगभग 10 से अधिक श्रद्धालुओं की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। जबरदस्त भीड़ के बीच मची इस भगदड़ में कई लोग घायल भी हुए हैं। भगदड़ की घटना और बचाव कार्यों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद नजरें बना रखी हैं। उन्‍होंने चार बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात करके स्थिति जानी है। संगम में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि प्रयागराज में आज 8-10 करोड़ श्रद्धालु मौजूद हैं। कल लगभग 5.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ का स्नान किया था। श्रद्धालुओं के संगम नोज पर जाने से भारी दबाव बना हुआ है। रात 1-2 बजे के बीच अखाड़ा मार्ग पर बैरिकेड्स को फांदकर आने में कुछ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं। श्रद्धालुओं को स्नान कराने के लिए प्रशासन तैयार है। पीएम मोदी चार बार श्रद्धालुओं के बारे में जानकारी ले चुके हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी श्रद्धालुओं के बारे में लगातार जानकारी ले रहे हैं।

हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन भीड़ का दबाव बहुत है

सीएम योगी ने कहा कि प्रयागराज में वर्तमान में हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन भीड़ का दबाव बहुत बना हुआ है। संतों के साथ भी मेरी बात हुई है। उन्होंने बड़ी विनम्रता से कहा है कि पहले श्रद्धालु स्नान करके निकल जाएंगे, उसके बाद ही हम लोग संगम स्नान के लिए जाएंगे। सभी अखाड़े इसके लिए सहमत हैं। लोगों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। संयम से काम लें। यह आयोजन लोगों का है और प्रशासन उनकी सेवा के लिए तत्पर है। सरकार हर प्रकार का सहयोग देने के लिए मजबूत तरीके से काम कर रही है। आवश्यक नहीं है कि संगम नोज की तरफ ही आएं। 15-20 किलोमीटर के दायरे में अस्थाई घाट बनाए गए हैं, आप जहां हैं, वहीं पर स्नान करें।

भगदड़ का मामला मानवाधिकार आयोग में दर्ज

वहीं, महाकुंभ में भगदड़ की जांच करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील डॉ. गजेंद्र सिंह यादव ने मामला राज्य मानवाधिकार आयोग में दर्ज कराया है। वकील ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफवाह के चलते संगम नोज पर भगदड़ मची। कुछ महिलाएं जमीन पर गिर गईं और लोग उन्हें कुचलते हुए निकल गए। महाकुंभ को सबसे ज्यादा दुष्प्रभावित VIP कल्चर ने किया है और यह अभी भी जारी है, जिसमें प्रतिदिन आमजन को रोककर VIP को रास्ता दिया जाता है, जिससे भीड़ एकजुट हो जाती है और भगदड़ की संभावना बन जाती है।

Post Comment

You May Have Missed