पंचतत्‍व में विलीन हुए मनमोहन सिंह, बेटी ने दी मुखाग्नि; राष्ट्रपति-पीएम और सोनिया-राहुल भी पहुंचे

पंचतत्‍व में विलीन हुए मनमोहन सिंह, बेटी ने दी मुखाग्नि; राष्ट्रपति-पीएम और सोनिया-राहुल भी पहुंचे

नई दिल्‍ली: देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का शनिवार (28 दिसंबर) को दिल्‍ली के निगम बोधघाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पार्थिव शरीर को सेना की तोपगाड़ी पर दिल्ली के निगमबोध घाट लाया गया। यहां तीनों सेनाओं ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद राजकीय सम्मान के बाद अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं।

डॉ. मनमोहन की पत्नी गुरशरण कौर, बड़ी बेटी उपिंदर सिंह (65), दूसरी बेटी दमन सिंह (61) और तीसरी बेटी अमृत सिंह (58) निगम घाट पर मौजूद थे। परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात की। बेटी ने मुखाग्नि दी। निगमबोध घाट में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ भी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।

इन राजनीतिक दिग्‍गजों ने दी श्रद्धांजलि

इससे पहले राष्ट्रपति दौपद्री मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पीएम मोदी ने निगम बोध घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा अमित शाह, राजनाथ सिंह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, जेपी नड्डा, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने पूर्व पीएम के पार्थिव शरीर में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने भी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मनमोहन सिंह को पहनाई गई नीली पगड़ी

अंतिम संस्कार के दौरान भी मनमोहन सिंह को उनकी पसंदीदा नीली पगड़ी पहनाई गई। उन्होंने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी को याद रखने के लिए उसके एक रंग को अपनी पगड़ी का सिग्नेचर कलर बना लिया था। इससे पहले डॉ. मनमोहन सिंह की पार्थिव देह को सुबह 9:30 बजे उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था। इसके बाद अंतिम यात्रा शुरू हुई। राहुल गांधी पार्थिव देह के साथ गाड़ी में बैठे थे।

गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया था। वे 92 साल के थे। वे लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

Post Comment

You May Have Missed