मनमोहन सिंह के निधन पर यूपी में 7 दिवसीय राजकीय शोक, सीएम योगी बोले- ये राजनीति की अपूरणीय क्षति

मनमोहन सिंह के निधन पर यूपी में दिवसीय राजकीय शोक, सीएम योगी बोले- ये राजनीति की अपूरणीय क्षति

लखनऊ: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली एम्‍स लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के अनुसार, उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मनमोहन सिंह के निधन पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शोक जताया है। साथ ही प्रदेश में सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। 26 दिसंबर से 1 जनवरी तक राष्ट्रीय ध्वज झुका रहेगा। सरकार के स्तर पर कोई भी मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होंगे।

सीएम योगी और अखिलेश यादव ने जताया शोक

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्‍ट करते हुए कहा, पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा, सत्य और सौम्य व्यक्तित्व के धनी महान अर्थशास्त्री भूतपूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी का निधन एक अंतरराष्ट्रीय अपूरणीय क्षति है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने लिखा- देश के पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह का आज रात निधन होनेे की ख़बर अति-दुखद। भारत की अर्थव्यवस्था सुधार में उनका ख़ास योगदान रहा। वे नेक इंसान थे। उनके परिवार व सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।

डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री व प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। उनका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

डिप्‍टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लिखा- पूर्व प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह जी के निधन की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। प्रभु श्री राम जी से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।

यूपी कांग्रेस अध्‍यक्ष अजय राय ने लिखा- सियासत में सादगी के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी ने दुनिया को अलविदा कह दिया। यह सूचना बेहद पीड़ादायक है। आर्थिक सुधार, परमाणु समझौता और मनरेगा जैसी योजनाएं उनके दूरदर्शी और देश को समृद्धि के शिखर पर ले जाने वाली सोच का ही परिणाम थीं। यह देश उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।

Post Comment

You May Have Missed