पेपर लीक संशोधन बिल पर मंत्री वैष्णव ने नहीं दिया जवाब, PM मोदी ने कही थी सख्त कानून लाने की बात
नई दिल्ली: पेपर लीक संशोधन बिल को शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। मीडिया सूत्रों के अनुसार, आज संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि यह बिल अब सोमवार 27 जुलाई को ही संसद में पेश किया जाएगा।
मोदी कैबिनेट के फैसलों के बारे में बताने के लिए प्रेस ब्रीफिंग चल रही है। अश्विनी वैष्णव जानकारी दे रहे हैं। फिलहाल रेल लाइन प्रोजेक्ट से जुड़े अपडेट्स बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में रेल प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी गई है। कैबिनेट ने अहम केमिकल सेक्टर के लिए 3,030 करोड़ रुपए की नई योजना को मंजूरी दी है। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के तीन ज़िलों में फैले एक मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है, जिससे भारतीय रेलवे का मौजूदा नेटवर्क लगभग 46 किलोमीटर बढ़ जाएगा।
पेपर लीक संशोधन बिल पर नहीं दिया जवाब
जब केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देने आए तब उन्होंने पेपर लीक संशोधन बिल पर कोई जवाब नहीं दिया। वैष्णव ने मीडिया के सवालों पर हर बार केवल एक शब्द कहा- नेक्स्ट। हालांकि, उन्होंने मजाक में एक रिपोर्टर से कहा- आज कोई पेपर लीक नहीं हो रहा।
पीएम मोदी ने जारी किया था वीडियो
इससे पहले 23 जुलाई की रात 12 बजे X हैंडल पर पोस्ट किए गए 2.56 मिनट के वीडियो मैसेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कह रहे हैं- “पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों छात्रों, उनके माता-पिता के लिए पीड़ादायक है। इसलिए पेपर लीक से अब तक, पिछले ढाई महीनों में कई कदम उठाए हैं। गुनहगारों को पकड़ा है, वे जेल में हैं। हमारी जिम्मेदारी थी कि छात्रों का साल बर्बाद न हो, इसलिए कम समय में 22 लाख छात्रों का एग्जाम कराया। 19 जुलाई को रिजल्ट भी आ गया।”
फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि हम इतने से संतोष करने वाले नहीं हैं, इसलिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश दिया है। दरअसल, यह पूरा मामला 3 मई को हुए NEET UG पेपर लीक से जुड़ा है। इसी NEET UG पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महीने से कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन कर रही है। सोनम वांगचुक ने 26 दिन अनशन किया और संसद में सांसद हंगामा कर रहे हैं।
फिलहाल, मामले की जांच CBI कर रही है। इसमें महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली समेत कई राज्यों में पड़ताल हुई। अबतक 13 आरोपी पकड़े गए हैं। CBI जल्द ही इस चार्जशीट फाइल कर सकती है।



Post Comment