शामली से सीएम योगी ने दी कांवड़ियों को नसीहत, बोले- हुड़दंग हुआ तो विरोधियों को…

शामली से सीएम योगी ने दी कांवड़ियों को नसीहत, बोले- हुड़दंग हुआ तो विरोधियों को...

शामली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (17 जुलाई) को शामली के कैराना में 581 करोड़ रुपये की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा संदेश दिया। सीएम ने कांवड़ियों से अपील की कि यात्रा के दौरान धैर्य और अनुशासन बनाए रखें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर हुड़दंग नहीं होना चाहिए, क्योंकि विरोधी ऐसे मामलों का फायदा उठाकर कांवड़ यात्रा पर सवाल खड़े करने और भविष्य में उस पर प्रतिबंध लगाने का दबाव बना सकते हैं।

माहौल खराब न करने पाए असामाजिक तत्‍व

सीएम योगी ने कहा, “हम सभी श्रीराम के वंशज, श्रीकृष्ण के अनुयायी और भगवान भोलेनाथ के भक्त हैं। हमें राम की मर्यादा, कृष्ण की लीला और शिव की समरसता से प्रेरणा लेकर यात्रा को शांतिपूर्ण बनाना चाहिए।” उन्‍होंने यह भी कहा कि यदि कोई असामाजिक तत्व कांवड़ियों के बीच आकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे तो उसे तुरंत बाहर कर देना चाहिए।

कैराना में उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी अपराध और पलायन के लिए जाना जाता था, आज वह सुरक्षा, विकास और औद्योगिक प्रगति की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने डबल इंजन सरकार की कानून व्यवस्था, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और समय पर गन्ना भुगतान को इस बदलाव का आधार बताया।

अपराधियों को चेतावनी, विकास पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों की जगह केवल जेल या जहन्नुम है। उन्होंने बताया कि शामली अब एनसीआर का हिस्सा है और यहां उत्तर प्रदेश का पहला आधुनिक टेक्सटाइल पार्क बनाया जाएगा।

साथ ही दिल्ली-देहरादून, शामली-अंबाला और शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, पीएसी वाहिनी और पुलिस लाइन जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब नौकरियां पारदर्शी तरीके से योग्यता के आधार पर दी जा रही हैं।

Post Comment

You May Have Missed